रांची : भारत ने दक्षिण अफ्रीका को पहले वनडे में 17 रन से हराकर तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली। रविवार को रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली के शतक और रोहित शर्मा तथा केएल राहुल के अर्धशतकों की मदद से 50 ओवर में आठ विकेट खोकर 349 रन बनाए थे। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 49.2 ओवर में 332 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई।
मेहमानों की तरफ से मैथ्यू ब्रीत्जके (72), मार्को यानसेन (70) और कॉर्बिन बॉश (67) ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। भारत के लिए कुलदीप यादव ने चार विकेट लिए जबकि हर्षित राणा ने तीन सफलताएं हासिल कीं। इसके अलावा अर्शदीप को दो और प्रसिद्ध कृष्णा को एक विकेट मिला। अब दोनों टीमें 3 दिसंबर को रायपुर में दूसरे मुकाबले में आमने-सामने होंगी।
नहीं जीत सका दक्षिण अफ्रीका : लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत झटकों के साथ हुई। हर्षित राणा ने पारी के दूसरे ही ओवर में सलामी बल्लेबाज रेयान रिकेल्टन को बोल्ड किया। इसके बाद क्विंटन डिकॉक को विकेटकीपर केएल राहुल के हाथों कैच कराया। दोनों बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाए। टीम को तीसरा झटका महज 11 रन के स्कोर पर अर्शदीप सिंह ने दिया। उन्होंने कप्तान एडेन मार्करम को पवेलियन की राह दिखाई।
इसके बाद मोर्चा टोनी डी जॉर्जी और मैथ्यू ब्रीत्जके ने संभाला। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 66 रनों की साझेदारी हुई, जिसे कुलदीप यादव ने तोड़ा। उन्होंने जॉर्जी को एलीडब्ल्यू आउट किया। वह 35 गेंदों में 39 रन बनाकर लौटे। इसके बाद ब्रीत्जके को डेवाल्ड ब्रेविस का साथ मिला, लेकिन हर्षित राणा ने ब्रेविस को भी गायकवाड़ के हाथों कैच करा दिया। वह 27 रन बना पाए।
भारत के खिलाफ इस मुकाबले में मैथ्यू ब्रीत्जके, मार्को यानसेन और कॉर्बिन बॉश ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को उनके मंसूबों में कामयाब नहीं होने दिया। ब्रीत्जके 72, यानसेन 70, बॉश 67, सुब्रायन 17 और बर्गर 17 रन बनाकर आउट हुए।
रोहित-कोहली की शतकीय साझेदारी : इससे पहले यशस्वी जायसवाल ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई थी, लेकिन वह इस लय को बरकरार नहीं रख सके और विकेट के पीछे डि कॉक को कैच थमा बैठे। इसके बाद रोहित ने कोहली के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और दोनों बल्लेबाजों के बीच 109 गेंदों पर 136 रनों की साझेदारी हुई। रोहित अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन मार्को यानसेन ने एलबीडब्ल्यू आउट कर उन्हें पवेलियन की राह दिखाई। इस तरह रोहित और कोहली के बीच यह साझेदारी टूट गई। रोहित 51 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 57 रन बनाकर आउट हुए। रोहित ने 43 गेंदों पर अपने वनडे करियर का 60वां पचासा पूरा किया।
इसी के साथ रोहित और कोहली के बीच घर में वनडे में सबसे ज्यादा रनों की साझेदारी हुई। 41 पारियों में दोनों के बीच 2598 रनों की साझेदारी हुई। इस मामले में दूसरे स्थान पर कुमार संगकारा और महेला जयवर्धने हैं, जिन्होंने 57 पारियों में 2596 रनों की साझेदारी की।
कोहली का सैकड़ा : स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने इस मुकाबले में अपने वनडे करियर का 52वां शतक पूरा किया। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का 83वां शतक है। इसी के साथ वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी प्रारूप में सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। कोहली से पहले ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था जिन्होंने टेस्ट में 51 शतक लगाए थे, लेकिन अब कोहली उनसे आगे निकल गए हैं। कोहली 294 पारियों में इस उपलब्धि पर पहुंचे हैं। कोहली वनडे प्रारूप में सर्वाधिक शतक लगाने के मामले में पहले ही सचिन को पीछे छोड़ चुके हैं। सचिन के नाम वनडे में 49 शतक हैं।
यह इस साल कोहली का वनडे प्रारूप में दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 100 रन बनाए थे। कोहली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे मैच में 120 गेंदों पर 11 चौकों और सात छक्के की मदद से 135 रन बनाकर आउट हुए।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सर्वाधिक वनडे शतक : कोहली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में सचिन तेंदुलकर और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ दिया है। सचिन और वॉर्नर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 50 ओवर के प्रारूप में पांच-पांच शतक लगाए हैं, जबकि कोहली इस टीम के खिलाफ वनडे में छह शतक लगा चुके हैं।
केएल राहुल का पचासा : रोहित के बाद कोहली को नंबर-6 पर आए कप्तान केएल राहुल का साथ मिला। दोनों के बीच 70 से ज्यादा रनों की साझेदारी हुई। कोहली 120 गेंदों में 11 चौके और सात छक्के की मदद से 135 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, राहुल ने 56 गेंदों में 60 रनों की धमाकेदार पारी खेली। जडेजा 32 रन बनाने में कामयाब हुए। भारत ने इस मैच में 349 रन बनाए। यह भारत का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है जबकि रांची में सबसे बड़ा टोटल है। इससे पहले 2010 में भारतीय टीम ने ग्वालियर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 401 रन बनाए थे।
