नई दिल्ली : पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के भीतर भारतीय सेना की एयर स्ट्राइक के बाद देशभर में कई जगहों पर मॉक ड्रिल हो रही है। सरकार ने 7 मई को कई राज्यों में मॉक ड्रिल करवाने के निर्देश दिए थे। इस दौरान सिविल डिफेंस से जुड़े लोगों को आपात स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
दिल्ली में मॉक ड्रिल के दौरान लोगों को सिखाई गई आपातकाल में बचाव की तैयारी : राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के विभिन्न इलाकों में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। पश्चिमी दिल्ली की जिलाधिकारी (डीएम) डॉ. किन्नी सिंह ने बताया कि डीएलएफ कैपिटल ग्रीन्स में मॉक ड्रिल की गई, जिसमें स्थानीय निवासियों को आपातकालीन हालात से निपटने की जानकारी दी गई।
डॉ. सिंह ने आगे बताया कि लोगों को बताया गया कि संकट की घड़ी में क्या करना चाहिए, कहां शरण लेनी चाहिए और अफवाहों से कैसे बचा जाए। उन्हें सुरक्षित स्थानों और आश्रय स्थलों की जानकारी भी दी गई। इस अभ्यास का उद्देश्य लोगों को सतर्क करना और तैयार रहना सिखाना है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में नुकसान को कम किया जा सके।
मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले से बचाव को लेकर लोगों को किया गया सतर्क : देहरादून के इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह ने बताया कि उच्च अधिकारियों के आदेश पर हर जगह मॉक ड्रिल की जा रही है। इसी कड़ी में एक जगह सायरन बजाकर अभ्यास किया गया और सिविल डिफेंस टीम के साथ मिलकर आम लोगों को जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल का मकसद यह सिखाना है कि हवाई हमला या किसी भी तरह के हमले के समय कैसे खुद को सुरक्षित रखा जाए और किन बातों का ध्यान रखा जाए। इससे भविष्य में अगर कोई आपात स्थिति आती है, तो समय रहते जरूरी कदम उठाए जा सकें। इस दौरान लोगों को बताया गया कि ऐसे हालात में घबराने की बजाय सतर्क रहना, अफवाहों से बचना और सरकारी निर्देशों का पालन करना कितना जरूरी है।
मॉक ड्रिल के दौरान देहरादून के ISBT और कॉलोनी में बचाव अभ्यास, लोगों से सतर्क रहने की अपील : देहरादून के ISBT और एमडीडीए कॉलोनी में एक व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित किया गया। इस दौरान सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन भी किया गया। मामले में एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि यह अभ्यास युद्ध जैसी स्थिति में लोगों को सही तरीके से प्रतिक्रिया देना सिखाने के लिए किया गया। उन्होंने कहा कि इस समय हालात युद्ध की ओर इशारा कर रहे हैं, ऐसे में जरूरी है कि लोग घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे भीड़भाड़ वाली जगहों से बचें, घरों के परदे खींचे रखें, लाइटें बंद रखें और अपने आस-पास के लोगों की खैरियत पूछते रहें।
दिल्ली के NDMC ऑफिस में मॉक ड्रिल : केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को NDMC ऑफिस में एक व्यापक मॉक ड्रिल (आपातकालीन अभ्यास) किया गया।
देशभर में कई जगहों पर हो रही है मॉक ड्रिल : राजधानी दिल्ली, राजस्थान और हैदराबाद समेत देशभर में कई जगहों पर मॉक ड्रिल शुरू हो गई है। गृह मंत्रालय ने आज देश भर में मॉक ड्रिल का आदेश दिया था। जिसके बाद सिविल डिफेंस जिलों में इसका आयोजन किया जा रहा है।