नई दिल्ली : दक्षिण दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में एक युवती से बातचीत करने पर उसके जीजा ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। युवक को कई चाकू मारने के बाद आरोपी मौके से भाग गए। जख्मी हालत में पीड़ित अजय को गंभीर हालत में एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने छानबीन के बाद हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी मोहम्मद रिजवान और उसके दोस्त की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे से भी पड़ताल कर रही है। बताया जा रहा है कि दो पहले भी रिजवान का अजय से झगड़ा हुआ था। मामले की छानबीन जारी है।
पुलिस के मुताबिक अजय अपने परिवार के साथ मेहरचंद मार्केट लोधी कॉलोनी में रहता है। वह सेंट्रल स्कूल, कॉलोनी के पास सब्जी बेचता है पीड़ित ने बताया कि उसकी दोस्ती पड़ोस में रहने वाली मोहम्मद रिजवान की साली से है। दोनों एक दूसरे को पंसद करते हैं। यह बात रिजवान को बिल्कुल भी पंसद नहीं है।
रिजवान कई बार इसका विरोध कर चुका है। करीब दो महीने पहले अजय और रिजवान का इसी बात पर झगड़ा हुआ था। रिजवान ने साली से मिलने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इतने सबके बाद भी अजय ने रिजवान की साली से मिलना बंद नहीं किया। दोनों की बातचीत जारी रही। यह बात रिजवान को पता चली गई।
रविवार देर रात रिजवान अपने दोस्त गुलफाम के साथ अजय के घर पहुंचा और उसे घर के बाहर बुलाकर गाली-गलौज करने लगा। अजय ने गाली देने का विरोध किया तो आरोपियों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। पिटाई लगाने के बाद आरोपियों ने उस पर चाकू से कई वार किए। बाद में आरोपी मौके से भाग गए। परिजन जख्मी हालत में अजय को अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस अजय के परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। आरोपी रिजवान व अजय की तलाश की जा रही है।