IPL-18@2025 : गुजरात टाइटन्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 10 विकेट से हराया, अंक तालिका में पहले पायदान पर

GT-vs-DC-IPL-Match-Delhi

नई दिल्ली : गुजरात टाइटन्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 10 विकेट के अंतर से नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मात देकर प्लेऑफ में एंट्री कर ली। इस जीत के साथ गुजरात की टीम अंक तालिका में 9वीं जीत के साथ पहले पायदान पर पहुंच गई। दिल्ली कैपिटल्स की हार के साथ ही आरसीबी और पंजाब किंग्स की प्लेऑफ में एंट्री हो गई है।

गुजरात ने जीत के लिए मिले 200 रन के लक्ष्य को 19 ओवर में हासिल कर लिया। शुभमन गिल 93 (53) और साईं सुदर्शन 108 (61) रन बनाकर नाबाद रहे। इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स ने केएल राहुल की शतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में 3 विकेट पर 199 रन का स्कोर खड़ा किया था। इस हार के बाद भी दिल्ली की प्लेऑफ में एंट्री का आस बरकरार है। उसे अगले दो मुकाबलों में मुंबई इंडियन्स और पंजाब किंग्स से चुनौती मिलेगी।

अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 199 रन का स्कोर खड़ा करने में सफल रही। दिल्ली कैपिटल्स को धीमी शुरुआत के बाद इस स्कोर तक पहुंचाने में केएल राहुल की शतकीय पारी का सबसे बड़ा योगदान रहा। राहुल ने 112(65) रन की पारी खेली और इस दौरान 14 चौके और चार छक्के जड़े।

आईपीएल 2025 के 60वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच आज नई दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में भिड़ंत हो रही है। गुजरात के खाते में अब तक खेले 11 मैच में 8 जीत और 3 हार के साथ 16 अंक हैं और अंक तालिका में दूसरे पायदान पर है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स अब तक खेले 11 मैच में 6 जीत और 4 हार के साथ कुल 13 अंक बटोर सकी है और अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *