ऑपरेशन सिंधु : संकटग्रस्त ईरान से अब तक 1,713 भारतीय लाये गए वापस, परिजनों से मिलकर खिले चेहरे

Opertion-Sindhu-Iran-to-India-1700

नई दिल्ली : इस्राइल और ईरान के बीच दो सप्ताह से चल रहे सैन्य संघर्ष के बीच भारत ने अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए ऑपरेशन सिंधु चलाया हुआ है। इस ऑपरेशन के तहत रविवार रात साढ़े 11 बजे ईरान के मशहद शहर से एक विशेष विमान 285 भारतीय नागरिकों को लेकर दिल्ली पहुंचा। संकटग्रस्त ईरान से महफूज वापसी के बाद भारतीयों की खुशी देखते ही बन रही थी। एयरपोर्ट पर अपनों से मिलकर उनके चेहरे खिल उठे। ऑपरेशन सिंधु के तहत अब तक कुल 1,713 भारतीय नागरिकों को ईरान से भारत वापस लाया जा चुका है।

राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा ने कहा कि ईरान से 285 भारतीय नागरिकों को लेकर विशेष निकासी विमान नई दिल्ली पहुंच चुका है। विमान में मुख्य रूप से 10 राज्यों- बिहार, जम्मू कश्मीर, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र सहित अन्य से भारतीय नागरिक सवार थे। उन्होंने बताया कि ईरान से निकाले गए भारतीय नागरिकों की कुल संख्या अब 1713 हो गई है। हमने अगले 2 दिनों के लिए ईरान से 2-3 और उड़ानें निर्धारित की हैं। उन्होंने कहा कि हम ईरान और इजरायल में रहने वाले सभी भारतीय नागरिकों के लगातार संपर्क में हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि ऑपरेशन सिंधु के तहत भारत अपने लोगों को वापस लाने की लगातार कोशिशें कर रहा है। उन्होंने बताया कि 22 जून की रात 11:30 बजे ईरान के मशहद शहर से एक विशेष विमान 285 भारतीयों को लेकर नई दिल्ली पहुंचा। विदेश राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा ने एयरपोर्ट पर भारतीय नागरिकों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि अब तक कुल 1,713 भारतीयों को ईरान से वापस लाया जा चुका है।

भारत सरकार की वजह से संभव हुई वतन वापसी : ईरान से भारत लौटे सैयद शहजाद अली जाफरी ने भारत सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि मैं मुंबई से हूं और पिछले तीन साल से ईरान में काम करता हूं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने हमारा साथ दिया। आज भारत सरकार की वजह से ही उसकी वतन वापसी संभव हो सकी है।

सरकार ने पूरी की इच्छा : ईरान से लौटीं तहमीना ने कहा कि मैं बहुत अच्छा महसूस कर रही हूं। हमने सुरक्षित घर वापस आने की बहुत कामना और प्रार्थना की। भारत सरकार ने हमारी वह इच्छा पूरी की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने हमारे लिए अच्छी सुविधाओं का प्रबंध किया है।

पीएम मोदी की बात पर हुआ यकीन : ईरान से भारत लौटे फजल अब्बास ने कहा कि वह लखनऊ के रहने वाले हैं। मुझे वतन वापसी पर बहुत अच्छा लग रहा है। उन्होंने कहा कि हम सुनते थे कि पीएम नरेंद्र मोदी सभी भारतवासियों को अपने परिवार का सदस्य मानते हैं। आज मुझे इस बात पर यकीन हो गया है। अब्बास ने कहा कि पीएम मोदी ने हमें ईरान के कोने-कोने से बचाया और वापस घर ले आए।

भारत वापसी को शब्दों में बयां करना मुश्किल : ईरान से लौटे मार्शल ने भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास अद्भुत है। उन्होंने कहा कि भारत वापस आने के बाद मैं जो महसूस कर रहा हूं, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है। हम तेहरान में भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय को धन्यवाद देते हैं।

मोदी सरकार पर पूरा भरोसा : ईरान से भारत लौटे रजा ने मोदी सरकार पर पूरा भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावास वाकई कड़ी मेहनत कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने आश्वासन दिया है कि जो भारतीय अभी ईरान में रह रहे हैं, उन्हें बचाया जाएगा। हमें पूरा भरोसा था कि मोदी सरकार हमें बचा लेगी। उन्होंने कहा कि जो लोग अभी ईरान में हैं, उन्हें भी मोदी सरकार पर पूरा भरोसा है।

भारत सरकार और पीएम मोदी का जताया आभार : ईरान से वतन वापसी पर सतीर फातिमा ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि मैं खुद को धन्य महसूस करती हूं। मैं भारत सरकार और पीएम मोदी की बहुत आभारी हूं। उन्होंने बताया कि ईरान की स्थिति दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है। वहां रहना खतरे से खाली नहीं है। वहीं, शमा फिरोज कहती हैं, ‘मुझे बहुत गर्व महसूस हो रहा है। भारतीय सरकार और दूतावास ने हमारे लिए बहुत अच्छी व्यवस्था की।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *