बरेली : यूपी के बरेली स्थित फरीदपुर में हाई टेंशन लाइन से ताजिया टकराने से आग लग गई। ताजिया को नीचे उतार कर बमुश्किल लोगों ने आग बुझाई। लोगों के अनुसार लगभग 23 फीट ऊंचा ताजिया बनाया गया था। बाद में ताजिया दफनाया गया।
गौसगंज गांव में लोगों के अनुसार लगभग 23 फीट ऊंचा ताजिया बनाया गया। रविवार दोपहर बाद वह ताजिया उठाकर ले जाया जा रहा था। गांव से बरेली शाहजहांपुर मेन रोड गौसगंज पुलिया के समीप ताजिया ले जाया गया। इस दौरान ताजिया ऊपर से गुजर रही 11 हजार की बिजली लाइन से टकरा गया और उसमें आग लग गई। ताजिएदारों में हाहाकार मच गया। वहां मौजूद लोग घबरा गए। लोगों ने ताजिया नीचे उतार कर आग को मुश्किल से बुझाया। बड़ा हादसा होने से टल गया। जले हुए ऊपर के हिस्से को उतार कर ताजिया पुनः उठाकर तजियेदार लोग ले गए और उसे दफना दिया।
ताजिए में आग लगने की जानकारी एसपी साउथ अंशिका वर्मा को हुई तो उन्होंने तत्काल उसकी हाइट के बारे में जानकारी की। तब उन्हें पता लगा की ताजिया की हाइट लगभग 23 फीट ऊंची थी। उन्होंने हलका इंचार्ज द्वारा दी गई ताजियों की हाइट की रिपोर्ट तलब की। रिपोर्ट में हल्का दरोगा ने ताजिए की नियमानुसार हाइट दिखाई थी। जांच रिपोर्ट देखने के बाद एसपी साउथ ने रिपोर्ट देने वाले हल्का दरोगा की भूमिका की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि हल्का दरोगा ने नियमानुसार ताजिए की हाइट होने की रिपोर्ट दी है। आग लगने वाले ताजिए की हाइट अधिक थी। रिपोर्ट देने वाले हल्का दरोगा की भूमिका की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।