दरभंगा : बिहार में दरभंगा जिले के केवटी थाना क्षेत्र के गठौली गांव में मुहर्रम के दौरान ताजिया मिलान कर लौट रहे लोगों ने मंदिर और घर के बाहर बैठे दूसरे पक्ष के लोगों पर लाठी-डंडे चलाना शुरू कर दिया। इस हमले में लगभग एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज केवटी पीएचसी सहित विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही देर रात एसएसपी जगुनाथ रेड्डी और भारी संख्या में पुलिस ने पहुंचकर दोनों पक्ष के लोगों को समझाकर स्थिति को शांत किया।
घायल पप्पू कुमार ने बताया कि वे अपने घर के बाहर खड़े थे, तभी ताजिया मिलान कर लौट रहे एक पक्ष के लोगों ने सड़क किनारे खड़े लोगों पर लाठी-डंडे और पथराव करना शुरू कर दिया। लोग जब तक समझ पाते, तब तक कई लोगों के सिर फट गए। घटना के बाद सूचना मिलने पर केवटी के भाजपा विधायक मुरारी मोहन झा ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि एक पक्ष के लोग इन पर्वों में शांति और सहयोग करते हैं, लेकिन ऐसे लोगों पर ताजिया जुलूस से लौट रहे युवकों ने लाठियां चलाईं। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग भी की।
विधायक मुरारी मोहन झा ने लगाया आरोप : विधायक मुरारी मोहन झा ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एक पक्ष के लोगों पर हमला हुआ है। ये लोग पर्व के नाम पर उपद्रव करते हैं, जबकि एक के लोग श्रद्धा से इनके पर्व को देखने आए थे और इन लोगों ने हमला कर दिया, यह कतई बर्दाश्त नहीं होगा। स्थानीय चौकीदार पर विधायक ने आरोप लगाया कि उसके भड़काने पर इतना बड़ा हंगामा हुआ।