फतेहपुर : उत्तर प्रदेश में फतेहपुर के आबूनगर रेड्डया स्थित मकबरा में तोड़फोड़ व सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वालों में समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता भी शामिल था। उसके समेत 160 पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज सोमवार को दर्ज की है। इस मामले के तूल पकड़ने के बाद सपा जिलाध्यक्ष ने पार्टी से पप्पू सिंह चौहान को मंगलवार को निलंबित किया है। हालांकि पप्पू सिंह का दावा है कि उन्होंने पार्टी से मंगलवार सुबह स्वयं ही इस्तीफ़ा दे दिया है।
आबू नगर रेड्डया स्थित मकबरे में सुबह करीब 11 बजे अचानक तोड़फोड़ की गई। माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। डीएम रविंद्र सिंह तीन घंटे तक लोगों को समझाते रहे। इसके बाद हालात काबू में आए। जिला व पुलिस प्रशासन ने तत्काल माहौल बिगाड़ने वालों की पहचान की। इसमें एक की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के रहिमालन का पुरवा निवासी पप्पू सिंह चौहान के रूप में हुई है। वह समाजवादी पार्टी का सक्रिय सदस्य है।
पुलिस ने पप्पू सिंह चौहान समेत 10 नामजद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इसके अलावा 150 अन्य में नामजद किए गए हैं। पप्पू सिंह के सपा का कार्यकर्ता निकलने के बाद पार्टी की किरकिरी होने लगी। वहीं सपा की ओर से कोई मौका स्थल तक नहीं पहुंचा। इससे विशेष समुदाय के लोगों में आक्रोश है। मामला गरमाने पर सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने मंगलवार को पप्पू सिंह चौहान को पार्टी विरोधी गतिविधियों पर संलिप्तता पाए जाने पर निष्कासित किया है।