नेपाल : पशुपतिनाथ मंदिर से लौट रहे भारतीय पर्यटकों की बस पर हमला, तोड़फोड़-लूटपाट; 7-8 यात्री घायल 

नई दिल्ली/काठमांडू : नेपाल में भारतीय पर्यटकों की बस पर हमला किया गया। हमलावरों ने बस के शीशे तोड़ दिए। साथ ही यात्रियों से लूटपाट की। पर्यटक पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन करके लौट रहे थे। हमले में कई पर्यटक घायल भी हुए हैं। सभी पर्यटक आंध्र प्रदेश से थे।

नेपाल में सोशल मीडिया बैन के खिलाफ चल रहे जेन जी के प्रदर्शन का सामना भारतीय पर्यटकों को भी करना पड़ा। आंध्र प्रदेश के श्रद्धालु पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन करने काठमांडू गए थे। श्रद्धालु यूपी नंबर से पंजीकृत बस में सवार थे। बस ड्राइवर राज ने बताया कि जब बस भारत की ओर वापस लौट रही थी तो भीड़ ने हमला कर दिया।

बस के एक कर्मचारी ने बताया कि हमलावरों ने पत्थरों से बस के सारे शीशे तोड़ दिए और सामान लूट लिया। बस क्षतिग्रस्त हालत में गुरुवार शाम को उत्तर प्रदेश में महाराजगंज के पास सोनौली बॉर्डर पर पहुंची। हमले में सात से आठ यात्री घायल हो गए। नेपाली सेना के जवान मदद के लिए आए। घायल यात्रियों का इलाज कराया जा रहा है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को कहा कि दंगा प्रभावित देश में लगभग 200 तेलुगु लोग फंसे हुए हैं।

नेपाल में क्या हुआ : नेपाल में सैकड़ों आंदोलनकारी भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के खिलाफ सोमवार को सड़कों पर उतर आए थे। इस दौरान विरोध प्रदर्शनों के दौरान पुलिस कार्रवाई में कम से कम 19 लोगों की मौत के बाद प्रदर्शनकारी इस्तीफे की मांग करते हुए उनके कार्यालय में घुस गए। इस बीच सोशल मीडिया पर प्रतिबंध भी सोमवार रात हटा लिया गया। मंगलवार को प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दे दिया। वहीं सेना ने कर्फ्यू लगा दिया। वहीं सरकार विरोधी प्रदर्शनों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, घायलों को संख्या 1,300 से अधिक है।

अब तक क्या-क्या हुआ? :

  • राष्ट्रपति के करीबी सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रपति वर्तमान राजनीतिक गतिरोध से निपटने के लिए अलग-अलग राजनीतिक नेताओं और संवैधानिक विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श कर रहे हैं।
  • नई सरकार बनाने के लिए दो विकल्पों पर विचार किया गया- संसद को भंग करना या उसे बरकरार रखना। हालांकि, आंदोलनकारी समूह संवैधानिक ढांचे के भीतर समाधान खोजने पर सहमत हो गया है।
  • इस बीच लोगों को दैनिक जीवन के लिए रात के कर्फ्यू में सुबह 7 बजे से 11 बजे तक चार घंटे की ढील दी गई है। पूरे देश में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक प्रतिबंधात्मक आदेश लागू रहेंगे, जिसके बाद अगले दिन शाम 7 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू फिर से शुरू होने से पहले दो घंटे का समय होगा।
  • भारत की सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने अब तक अंजिला खातून नामक एक महिला सहित 67 कैदियों को पकड़ा है। वे हिमालयी राष्ट्र में चल रही अशांति के बीच नेपाल की जेलों से भागने के बाद भारत-नेपाल सीमा पर विभिन्न चौकियों के माध्यम से भारत में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *