नई दिल्ली : भारत के अधिकांश हिस्सों में मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है और यही वजह है कि देश के अलग-अलग हिस्सों से बारिश की खबरें लगातार आ रही हैं। एक तरफ जहां बारिश के चलते लोगों को जानलेवा गर्मी से छुटकारा मिला है तो दूसरी तरफ कई इलाकों में जनजीवन अस्तव्यस्त हो जाता है। बारिश के इस मौसम में लैंडस्लाइड से लेकर जलभराव तक की खबरें आ रही हैं।
भारी बारिश के चलते मुंबई का अंधेरी सबवे बंद : शुक्रवार की सुबह अचानक शुरू हुई तेज बारिश के चलते मुंबई में स्थित अंधेरी सबवे भर गया है। फिलहाल रस्सी और बैरिकेड लगाकर सबवे को बंद किया गया है। आज दोपहर करीब 4 बजे 3.91 मीटर का हाईटाइड है। इस दौरान समंदर में 13 फीट ऊंची लहरें उठेंगी। शहर में अगर तेज़ बारिश का सिलसिला जारी रहा तो कई निचले इलाकों में जलभराव की समस्या हो सकती है।
पूर्वोत्तर के कई राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी : असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा सिक्किम, बिहार और अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है।
कोंकण और गोवा में भी बारिश की संभावना : 12-15 जुलाई के दौरान कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और तटीय कर्नाटक में भारी वर्षा होने की संभावना है।
हिमाचल में 17 जुलाई तक लगातार बारिश का अलर्ट : IMD ने शिमला में आज और कल के लिए भारी बारिश की भविष्यवाणी करते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इसके साथ ही 17 जुलाई तक राज्य के कई इलाकों में लगातार बारिश होने का अनुमान जताया है।
यूपी में आज हो सकती है झमाझम बारिश : उत्तर प्रदेश में मॉनसून ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार, नोएडा, गाजियाबाद समेत आसपास के इलाकों में आज बारिश हो सकती है। इसके अलावा गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, अयोध्या समेत 23 जिलों में मूसलाधार बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में आज हो सकती है मध्यम बारिश : दिल्ली में गुरुवार को जहां उमस भरा दिन रहा वहीं शुक्रवार को मध्यम बारिश होने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के औसत से 3 डिग्री ज्यादा है। दिन में ह्यूमिडिटी 56 से 91 प्रतिशत के बीच रही। शहर में न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।