इस्लामाबाद : पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में बड़े हमले की खबर आ रही है। रिपोर्टों में कहा गया है कि देश के हिंसा उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा के लक्की मरवत एरिया में मंजीवाला के पास कुछ अज्ञात लोगों ने गैस पाइपलाइन को निशाना बनाया गया है। रिपोर्टों के अनुसार, कुछ अज्ञात लोगों ने गैस पाइपलाइन में धमाका कर दिया,जिसमें इंफ्रास्ट्रक्चर को काफी नुकसान होने की खबर है। इसमें बताया गया है कि पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाने के लिए विस्फोटकों का इस्तेमाल किया गया। अभी तक किसी के भी हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
पाकिस्तान की तरफ से गैस पाइपलाइन धमाके के बारे में अभी तक आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, स्थानीय पत्रकारों ने दावा किया है कि पुलिस ने पाइपलाइन में धमाके की पुष्टि की है। पाकिस्तान का खैबर पख्तूनख्वा इलाका तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) का गढ़ रहा है और हाल के कुछ वर्षों में यहां हिंसा में तेजी आई है।
गैस पाइपलाइन धमाके से पहले टीटीपी के एक नए हमले में खैबल जिले में एक सुरक्षा चेक पोस्ट को निशाना बनाया। हमले में एक कैप्टन समेत तीन सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं। मारे गए कैप्टन की पहचान अब्बास शिनवारी के रूप में हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, टीटीपी चरमपंथियों ने पहले विस्फोटक से भरे ड्रोन से चेक पोस्ट पर हमला किया और फिर भारी गोलीबारी शुरू कर दी। हमले में चार लोग घायल भी हुए हैं।
सूत्रों के हवाले से बताया गया कि आतंकवादियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच करीब 40 मिनट तक भीषण गोलीबारी हुई। इसके बाद इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए और इलाके को सील कर दिया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू किया है।
पाकिस्तान में हाल के समय में चरमपंथी हिंसा में भारी बढ़ोतरी हुई है। बीते सप्ताह ही अशांत बलूचिस्तान में बलूचों के अलगाववादी संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने बड़ा हमला बोला था। BLA ने कम से कम 84 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों के मारे जाने का दावा किया था। पाकिस्तानी अधिकारियों ने इस हमले में 17 जवानों समेत करीब 50 लोगों की मौत की बात स्वीकार की थी। अधिकारियों ने 145 चरमपंथियों को मारे जाने की जानकारी की थी।
