नई दिल्ली : बांग्लादेश के वरिष्ठ नेता और पूर्व जल संसाधन मंत्री रमेश चंद्र सेन का शनिवार सुबह हिरासत में निधन हो गया। 83 वर्षीय सेन दिनाजपुर जिला जेल में बंद थे। जेल अधिकारियों के अनुसार, शनिवार तड़के उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें दिनाजपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां सुबह करीब 9:29 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सेन की मौत ऐसे समय हुई है, जब बांग्लादेश में 12 फरवरी 2026 को आम चुनाव होने वाले हैं। इस घटना ने हिरासत में बंद नेताओं के साथ व्यवहार और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। रमेश चंद्र सेन को 16 अगस्त 2024 को गिरफ्तार किया गया था।
पूर्व जल संसाधन मंत्री रमेश चंद्र सेन अवामी लीग के वरिष्ठ नेता थे और पार्टी की शीर्ष नेतृत्व टीम का हिस्सा रहे। वह कई बार ठाकुरगांव-1 सीट से संसद सदस्य चुने गए और 2024 के चुनाव में भी जीत दर्ज की थी। उनकी मौत को लेकर विपक्षी दलों ने हिरासत में मौतों और मानवाधिकार स्थिति पर सवाल उठाए हैं। अंतरिम सरकार के नेतृत्व में हो रहे चुनावी प्रक्रिया के बीच यह मामला राजनीतिक और प्रशासनिक बहस का केंद्र बन गया है।