बिहार : गोह और नबीनगर सीट के नतीजे को हाईकोर्ट में चुनौती देने पर प्रशासन एक्शन में

EVM-House

औरंगाबाद : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बाद अब सियासी संग्राम अदालत की चौखट तक पहुंच गया है। औरंगाबाद जिले की दो अहम विधानसभा सीट गोह और नबीनगर के चुनाव परिणामों को पटना हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है। याचिका दायर होने के बाद जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया और चुनाव में इस्तेमाल हुई ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित कर दिया गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा की प्रत्यक्ष निगरानी में औरंगाबाद प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस को खोला गया। निर्वाचन आयोग के सख्त दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मशीनों की पहचान, मिलान और आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद संबंधित मशीनों को अन्य मशीनों से अलग (सेग्रिगेट) कर विशेष सुरक्षा में रखा गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वेयरहाउस खोलने से लेकर मशीनों को अलग रखने तक की पूरी कार्रवाई चुनाव आयोग के तय प्रोटोकॉल के अनुरूप की गई। इस दौरान सुरक्षा, पारदर्शिता और रिकॉर्ड मेंटेनेंस का विशेष ध्यान रखा गया, ताकि भविष्य में अदालत की सुनवाई के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या प्रक्रिया संबंधी आपत्ति न उठे। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई के दौरान नबीनगर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी सह भूमि सुधार उप समाहर्ता श्वेतांक लाल, उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. गजाली, वेयरहाउस प्रभारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। वहीं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की भी उपस्थिति दर्ज की गई। गोह विधानसभा से प्रत्याशी प्रतिनिधि पंकज कुमार, जदयू के गुड्डू सिंह और जयप्रकाश कुमार, नबीनगर से राजद के पूर्व प्रत्याशी अमोद कुमार सिंह और शशि सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि पूरी प्रक्रिया के दौरान मौजूद रहे।

गोह और नबीनगर सीटों के चुनाव परिणाम को लेकर दायर याचिका के बाद अब सबकी निगाहें पटना हाईकोर्ट की सुनवाई पर टिकी हैं। अदालत के निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई तय होगी। फिलहाल प्रशासन ने संबंधित ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को सुरक्षित रखकर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर दी है। बिहार की राजनीति में इन दो सीटों को लेकर बढ़ती हलचल ने चुनावी माहौल को फिर से गरमा दिया है। आने वाले दिनों में यह मामला राजनीतिक और कानूनी रूप से कितना बड़ा मोड़ लेता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।

बिहार के नबीनगर सीट पर जेडीयू के कैंडिडेट चेतन आनंद ने 112 वोट से जीत हासिल की थी। चेतन आनंद को कुल 80380 वोट मिले। जबकि आरजेडी के आमोद कुमार सिंह के हिस्से 80268 वोट आए।

बिहार के गोह सीट पर आरजेडी के कैंडिडेट अमरेंद्र कुमार ने 4041 वोट से जीत हासिल की। अमरेंद्र कुमार ने कुल 93624 वोट हासिल किए, जबकि बीजेपी प्रत्याशी डॉ. रणविजय कुमार के हिस्से 89583 वोट आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *