नई दिल्ली/ओहायो : अमेरिका के सिनसिनाटी में उप राष्ट्रपति जेडी वांस के घर पर रात (स्थानीय समय) में हमला किया गया, जिसमें कई खिड़कियां टूट गईं। इस घटना के बाद सीक्रेट सर्विस और स्थानीय पुलिस ने प्रतिक्रिया दी।
सीक्रेट सर्विस के एजेंट सोमवार की सुबह जल्दी ईस्ट वालनट हिल्स स्थित घर पर पहुंचे। एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। हालांकि अधिकारियों ने यह पुष्टि नहीं की है कि उसके खिलाफ कोई मामला दर्ज किया गया है या नहीं। पुलिस ने स्थानीय टेलीविजन चैनल डब्ल्यूसीपीओ को बताया कि संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। लेकिन और कोई जानकारी साझा नहीं की।
इस बात की तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी कि घटना के समय वेंस घर पर थे या नहीं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, उन्हें शुक्रवार को फ्लोरिडा में देखा गया था, जहां उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ वेस्ट पाम बीच में राष्ट्रपति के गोल्फ क्लब में समय बिताया था। वेंस और ट्रंप ने वेनेजुएला पर अमेरिकी हमलों और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हटाने की योजना पर चर्चा की थी। हालांकि, सुरक्षा कारणों के चलते वेंस ट्रंप और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मार-ए-लागो में सैन्य अभियान का सीधा प्रसारण देखने नहीं गए।
इसके बजाय उप राष्ट्रपति ने एक सुरक्षित वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये अमेरिकी सैन्य अभियान की निगरानी की और इसके समाप्त होने के बाद सिनसिनाटी लौट गए। उनके कार्यालय ने कहा कि वह इस प्रक्रिया और योजना में गहराई से शामिल थे।
जेडी वेंस ने एक्स पर क्या कहा? : उपराष्ट्रपति वेंस ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, हमारे घर पर हुए हमले के बाद आप सभी कामनाओं के लिए मैं आभारी हूं। जहां तक मुझे पता है..किसी सनकी व्यक्ति ने खिड़कियां तोड़कर घर में घुसने की कोशिश की। सीक्रेट सर्विस और सिसनिनाटी पुलिस ने की तत्काल कार्रवाई के लिए मैं उनका आभारी हूं। हम घर पर नहीं थे, क्योंकि हम पहले ही वॉशिंगटन डीसी लौट चुके थे। मीडिया से मेरा एक अनुरोध है- हम अपने बच्चों को सार्वजनिक सेवा के इस जीवन की वास्तविकताओं से यथासंभव बचाने का प्रयास करते हैं। इस लिहाज से मुझे इस बात पर संदेह है कि खिड़कियों में छेद वाले हमारे घर की तस्वीरें प्रकाशित करने से समाचार जगत को कोई खास फायदा होगा।
