नई दिल्ली : बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने रोमांचक मुकाबले में श्रीलंकाई टीम को चार विकेट से हरा दिया। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168 रन बनाए। इसके बाद बांग्लादेश की टीम ने आखिरी ओवर में टारगेट चेज किया। सांसें रोक देने वाले इस मैच में आखिरी ओवर तक किसी भी टीम की जीत पक्की नहीं लग रही थी, लेकिन अंत में बाजी बांग्लादेश के हाथ लगी। आखिरी ओवर में खूब हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ।
बांग्लादेश को आखिरी ओवर में चाहिए थे 5 रन : बांग्लादेश की टीम को आखिरी ओवर में टारगेट चेज करने के लिए सिर्फ 5 रनों की जरूरत थी। तब श्रीलंका की तरफ से गेंदबाजी की जिम्मेदारी दासुन शनाका ने संभाली और उनकी पहली ही गेंद पर जेकर अली ने चौका लगाया। इसके बाद दूसरी गेंद पर जेकर अली क्लीन बोल्ड हो गए, लेकिन श्रीलंकाई टीम ने इस विकेट का कोई जश्न नहीं मनाया। इसके बाद बांग्लादेश के लिए बल्लेबाजी करने मेहदी हसन आए और तीसरी गेंद पर कोई रन नहीं बना सके। इस तरह से बांग्लादेश को अब जीत के लिए तीन गेंद पर एक रन की जरूरत थी।
शमीम हुसैन ने फेंका बल्ला : फिर चौथी गेंद पर मेहदी हसन ने बड़ा स्ट्रोक लगाना चाहा। लेकिन गेंद उनके बल्ले का किनारा लेती हुई विकेटकीपर कुसल मेंडिस के दस्तानों में चली गई। अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया। इसके बाद श्रीलंकाई क्रिकेट टीम ने तुरंत रिव्यू लिया। जहां अल्ट्राएज ने स्पाइक दिखा और इसी वजह से मेहदी हसन आउट दिए और मैदानी अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा। जब मेहदी आउट हुए, तो नॉन स्ट्राइक एंड पर खड़े शमीम हुसैन बिल्कुल खुश नहीं दिखाई दिए। वह गुस्से में अपना बल्ला फेंक देते हैं। श्रीलंकाई प्लेयर्स भी जमा हो जाते हैं। फैंस स्टेडियम में शोर करने लगते हैं और मैच में रोमांच आ जाता है। इसके बाद पांचवीं गेंद पर बांग्लादेश के शमीम हुसैन रन आउट हो सकते थे। लेकिन श्रीलंका ने मौका गंवा दिया और इसी पांचवीं गेंद पर बांग्लादेश ने एक रन बनाकर जीत दर्ज कर ली।
