गुवाहाटी : असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को कहा कि असम कांग्रेस के अध्यक्ष गौरव गोगोई के कथित पाकिस्तान कनेक्शन की जानकारी इस महीने के आखिर तक सामने आ जाएंगी। उन्होंने विपक्षी नेता पर उनकी पत्नी और बच्चों की ब्रिटिश नागरिकता को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि असम के लोग ऐसे किसी भी व्यक्ति को अपने ‘बोर घर’ (पवित्र स्थान) में कभी घुसने नहीं देंगे।
‘जनवरी के आखिर तक हो जाएगा खुलासा’ : असम के मुख्यमंत्री, कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई और उनकी पत्नी के पाकिस्तान की जासूसी एजेंसी आईएसआई से कथित कनेक्शन को लेकर हमला कर रहे हैं। गोरेस्वर में एक सरकारी कार्यक्रम के मौके पर मीडिया से बात करते हुए सीएम सरमा ने कहा, ‘गौरव गोगोई के पाकिस्तान कनेक्शन से जुड़े दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। हमारे अधिकारी इस पर काम कर रहे हैं। हम इसे फरवरी से पहले आप सभी को दे देंगे। असल में, जनवरी के आखिर तक इसका खुलासा हो जाएगा।’
उन्होंने कहा कि दस्तावेजों को सार्वजनिक करने में देरी सितंबर में मशहूर गायक जुबीन गर्ग की मौत की वजह से हुई। यह पूछे जाने पर कि क्या इस खुलासे से गोगोई मार्च-अप्रैल में होने वाले विधानसभा चुनाव में चुनाव लड़ने से रोक दिए जाएंगे, सरमा ने कहा, ‘पाकिस्तान हमारा दुश्मन देश है। सवाल यह नहीं है कि चुनाव लड़ना है या नहीं, बल्कि यह है कि क्या किसी का भी उस देश से कोई कनेक्शन हो सकता है।’
बच्चों की नागरिकता न बदलने पर उठाए सवाल : सीएम ने गोगोई पर अपने दो बच्चों की नागरिकता न बदलने पर भी सवाल उठाया। सरमा ने कहा, ‘मान लीजिए कि वह असम के मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं, और उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं, जो भारतीय नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘असम के लोग यह सब अच्छी तरह समझते हैं और ऐसे लोगों को ‘बोर घर’ में घुसने नहीं देंगे।’
गौरतलब है कि सीएम का आरोप है कि पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के गोगोई की ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न से कथित तौर पर संबंध थे। एसआईटी ने इस मामले की जांच की है और बीती 10 सितंबर को सीएम सरमा को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। सरमा ने दावा किया, ‘यह एक बड़ी साजिश है और असम के लोगों को यह जानना चाहिए। हमारे पास जो डॉक्यूमेंट्स हैं, वे सिर्फ शुरुआत हैं। हमें जो मिला है वह सिर्फ 10 परसेंट है, भारत सरकार को पूरा 100 परसेंट मिलेगा।’ वहीं इसके जवाब में, गौरव गोगोई ने सरमा के आरोप को लेकर पलटवार किया और कहा कि CM की बातें हास्यास्पद, आधारहीन, पागलपन भरी और बकवास हैं और वह तथ्यों के बिना बात करके ट्रोल करने वाली आईटी सेल की तरह व्यवहार कर रहे हैं।
