पटना : बिहार में सोमवार को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति यानी बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (बीएसईबी) की इंटर की परीक्षाएं शुरू हुईं। पहले दिन राज्य में कई परीक्षा केंद्रों में विलंब से पहुंचे छात्र-छात्राओं को प्रवेश नहीं मिला। इन हालात में किसी परीक्षा केंद्र के गेट के सामने छात्राएं रोती हुईं नजर आईं तो कहीं दीवार फांदकर केंद्र में प्रवेश करती हुई दिखीं।
एक केंद्र पर गेट तोड़ने की कोशिश करने वाले छात्रों पर पुलिस ने लाठी भांजी। परीक्षा के समय को लेकर बोर्ड सख्त है। ऐसे में विद्यार्थियों को यह जान लेना जरूरी है कि बोर्ड के नियम क्या हैं?
बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (बीएसईबी) के अनुसार, इंटर के सभी परीक्षार्थियों को अपने एग्जाम सेंटर पर परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले पहुंचना जरूरी है। पहली शिफ्ट में परीक्षा सुबह 9:30 बजे से शुरू होगी। इस शिफ्ट में परीक्षा देने वालों को सुबह 8:30 बजे परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। सुबह 9 बजे सेंटर का गेट बंद कर दिया जाएगा और फिर किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
दूसरी शिफ्ट की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से होगी। इस शिफ्ट में विद्यार्थियों को एक बजे तक परीक्षा केंद्र में पहुंचना जरूरी है। दोपहर 1:30 बजे सेंटर का गेट बंद हो जाएगा। बोर्ड ने साफ कहा है कि एग्जाम सेंटर का मेन गेट एग्जाम शुरू होने से ठीक 30 मिनट पहले बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
बिहार के अलग-अलग स्थानों पर सोमवार को परीक्षा केंद्रों पर विलंब से पहुंचे इंटर के छात्र-छात्राएं परेशान होते देखे गए। बेगूसराय में आदर्श परीक्षा केंद्र महिला कॉलेज में देर से पहुंचीं छात्राएं परीक्षा केंद्र में प्रवेश न मिलने पर रोती रहीं। वे प्रवेश के तय समय सुबह 9:00 बजे के कुछ मिनट बाद पहुंचीं थीं। लेट होने पर उन्हें परीक्षा केंद्र में जाने नहीं दिया गया। इस पर वे जोर-जोर से रोते हुए प्रवेश करने देने की मिन्नतें करती रहीं। हालांकि बाद में केंद्र अधीक्षक की इजाजत पर छात्राओं को प्रवेश दे दिया गया।
बेगूसराय में ही बीपी स्कूल परीक्षा केंद्र में विलंब से पहुंचे छात्रों ने गेट को फांदकर केंद्र में घुसने की कोशिश की। जब वे इसमें सफल नहीं हुए तो उन्होंने गेट तोड़ने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने उन पर लाठियां चलाईं। इसी दौरान वे पुलिस को चकमा देकर परीक्षा केंद्र में प्रविष्ट हो गए।
परीक्षा केंद्र में जबरन घुसने की कोशिश छात्रों ने ही नहीं, छात्राओं ने भी की। नालंदा में इंटरमीडिएट परीक्षा के कई केंद्रों पर तमाशा देखने को मिला। एक केंद्र पर देरी से पहुंची छात्राओं को गेट बंद मिला। इसके बाद छात्राएं बाउंड्री वॉल फांदकर केंद्र के भीतर दाखिल हो गईं। हालांकि जो छात्राएं जबरन परीक्षा केंद्र के भीतर पहुंची थीं, उन्हें बाहर निकाल दिया गया।
बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (बीएसईबी) परीक्षा में नियमों का सख्ती से पालन करा रहा है। किसी भी परीक्षार्थी को जांच के बगैर परीक्षा केंद्रों में नहीं जाने दिया जा रहा है। परीक्षा केंद्रों में किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को ले जाना प्रतिबंधित है। कोई भी परीक्षार्थी जूते पहनकर परीक्षा केंद्र में नहीं जा सकता है।
