बंगाल : महिला डॉक्टर पर हमला, थप्पड़ मारा-हाथ मरोड़ कर गालियों के साथ दी दुष्कर्म की धमकी

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में शरत चंद्र चट्टोपाध्याय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक जूनियर महिला डॉक्टर के साथ कथित रूप से हमला किया गया और उसे दुष्कर्म की धमकी दी गई। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सोमवार को उलूबेरिया स्थित अस्पताल में हुई। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि डॉक्टर ने इस घटना के तुरंत बाद शिकायत दर्ज कराई।

क्या था पूरा मामला? : पुलिस के अनुसार, घटना उस समय हुई जब खारिया माइनापुर की एक गर्भवती महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार दोपहर में मरीज के दाखिले के बाद, शाम को डॉक्टर ने सामान्य जांच की। लेकिन मरीज की जटिलताओं के कारण डॉक्टर पूरी तरह शारीरिक जांच नहीं कर सकीं। पुलिस जांच में पता चला कि जांच के बाद मरीज के रिश्तेदार, जो कि ट्रैफिक होम गार्ड हैं, और उनके एक पड़ोसी ने डॉक्टर से मरीज की स्थिति के बारे में सवाल किए। इसके बाद विवाद बढ़ गया।

महिला डॉक्टर से बर्बरता की इंतहा : इस दौरान डॉक्टर के साथ कथित रूप से मारपीट की गई- उनके हाथ को मोड़ा गया, थप्पड़ मारा गया और गालियों का सामना करना पड़ा। आरोपियों ने डॉक्टर को दुष्कर्म की धमकी भी दी और चेतावनी दी कि अगर वे अस्पताल से बाहर जाएँगी तो उन्हें नतीजे भुगतने पड़ेंगे।

शिकायत पर ट्रैफिक होमगार्ड और एक शख्स गिरफ्तार : अस्पताल का वार्ड मास्टर तुरंत पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और डॉक्टर को उलूबेरिया पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उन्होंने लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपित ट्रैफिक होमगार्ड और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और उस समय मौजूद गवाहों से भी पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *