सीतामढ़ी : विजिलेंस, पटना की टीम ने शनिवार को सीतामढ़ी जिले के सुरसंड प्रखंड के बीडीओ कृष्णा राम के ठिकानों पर छापेमारी की। जिस संभावना के साथ विजिलेंस ने छापा मारा है, वह धरातल पर पूरी तरह सटीक निकला है। यानी आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापेमारी की गई है। विजिलेंस को आय से अधिक संपत्ति के पुख्ता सबूत मिले है। विजिलेंस की कार्रवाई सीतामढ़ी समेत तीन जिलों में एक साथ की गई है।
बताया गया है कि आय से अधिक संपत्ति अर्जित के मामले में विजिलेंस ने पांच मार्च को बीडीओ राम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। उसके बाद गोपनीय तरीके से बीडीओ के पटना और मोतिहारी के ठिकानों का पता लगाने के बाद उक्त दो स्थानों एवं सीतामढ़ी में सुरसंड प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित आवास पर एक साथ छापेमारी की। पांच ठिकानों पर कार्रवाई की पुष्टि की गई है।
विजिलेंस की टीम सुरसंड में बीडीओ के आवास पर चारपहिया वाली दो गाड़ी से पहुंची थी। समय सुबह के सुबह 8:30 बज रहे थे। बीडीओ सरकारी आवास पर अकेले थे। विजिलेंस की दोनों गाड़ियों पर लिखा था ” प्रशासन”। इसके चलते किसी कर्मी को आभास तक नहीं हुआ कि विजिलेंस टीम की गाड़ी है। लोगों ने समझा था कि जिला-प्रखंड के अधिकारी बीडीओ से मिलने आए होंगे। करीब ढाई घंटे तक छापेमारी और कागजातों को खंगालने के साथ ही बीडीओ से जरूरी बातें पूछकर टीम लौट गई।
टीम के जाने के बाद कर्मियों और आमलोगों को पता चला कि विजिलेंस की टीम आई थी। बीडीओ के आवास से विजिलेंस टीम को क्या क्या बरामद हुए है, की जानकारी नहीं मिल सकी है। बीडीओ के सरकारी वाहन चालक राजू कुमार को आवास के बाहर ही बैठा दिया था। बीडीओ कृष्णा राम 12 जुलाई वर्ष 2023 को सुरसंड में योगदान किए थे। इधर, जानकारी मिली है कि बीडीओ के मोतिहारी स्थित आवास से जमीन खरीद के 21 कागजात मिले है। उनके पटना स्थित आवास पर भी छापा मारा गया है।
