बिहार : दारोगा को भीड़ ने बंधक बनाया, नशे में धुत होने का आरोप

समस्तीपुर : बिहार के समस्तीपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दारोगा को भीड़ द्वारा बंधक बनाया गया है। लोगों का आरोप है कि दारोगा नशे में धुत थे। इस मामले से जुड़ा वीडियो भी वायरल हो रहा है।

बिहार के समस्तीपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। यहां के विभूतिपुर थाना में तैनात एक दारोगा को भीड़ ने बंधक बना लिया। लोगों का आरोप है कि दारोगा एक मिठाई की दुकान पर पहुंचकर हंगामा कर रहे थे और नशे में धुत थे। इसके अलावा आरोप ये भी है कि दारोगा ने लोगों को झूठे केस में फंसाने की भी धमकी दी। इस मामले से जुड़ा वीडियो भी वायरल हो रहा है। दारोगा की पहचान रिंकू सिंह के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दारोगा कथित तौर पर शराब के नशे में थे और दुकानदार को किसी बात को लेकर धमकाने लगे, इतना ही नहीं, लोगों को झूठे केस में फंसाने की भी खुली चेतावनी दे डाली। दारोगा की हरकतों से नाराज होकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और देखते ही देखते गुस्साए लोगों ने दारोगा को पकड़ लिया और कुछ देर के लिए उन्हें बंधक भी बना लिया गया।

सूचना मिलते ही विभूतिपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दारोगा को भीड़ से छुड़ाकर अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि देर शाम आरोपी दारोगा को मेडिकल जांच के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल लाया गया, जहां अब पूरे मामले की जांच की जा रही है।

हालांकि इस पूरे मामले ने समस्तीपुर पुलिस की कार्यशैली पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। फिलहाल इस पूरे मामले में किसी भी सीनियर अधिकारी का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है लेकिन वायरल वीडियो ने पुलिस महकमे की कार्यशैली पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखने वाली बात होगी कि इस पूरे मामले में समस्तीपुर पुलिस कप्तान अरबिन्द प्रताप सिंह के द्वारा आरोपी दारोगा के खिलाफ क्या एक्शन लिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *