पटना : बिहार में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग अब सख्त कार्रवाई करने की तैयारी में है। इसे लेकर बिहार के राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
परिवहन आयुक्त ने स्पष्ट संदेश दिया है कि राज्य की सड़कों पर बार-बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे चालकों का लाइसेंस निलंबित करने और रद्द करने की कार्रवाई हो सकती है। परिवहन आयुक्त में इसे लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
बताया गया है कि पुलिस और यातायात विभाग से प्राप्त अनुशंसाओं के आधार पर 50 हजार से अधिक मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन या रद्द करने की कार्रवाई हो सकती है। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सड़कों पर अनुशासन कायम करना है।
परिवहन विभाग के पास ऐसे चालकों की पूरी सूची उपलब्ध है, जिन्होंने पहले कई बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया है और वो ट्रैफिक नियमों को मजाक समझते रहे हैं। ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों का नंबर भी सार्वजनिक करने का संकेत दिया गया है। बताया गया है कि अब लाइसेंस रद्द या निलंबित करने से पहले नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के नंबर अखबारों में आम सूचना के जरिए प्रकाशित किए जाएंगे। इससे न केवल दोषियों को नोटिस मिलेगा बल्कि सार्वजनिक तौर पर उनकी पहचान भी उजागर होगी।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार सबसे अधिक ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन पटना, मुजफ्फरपुर और भागलपुर जैसे जिलों में हुआ है। इन मामलों में चालक बार-बार हेलमेट सी 12th और राते लाइट जैसे नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
