पूर्वी चंपारण : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में शराब तस्करों के विरुद्ध उत्पाद विभाग ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। मोतिहारी सदर उत्पाद थाना पुलिस ने गैस सिलेंडरों की आड़ में चल रहे अवैध शराब तस्करी के एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने खाली गैस सिलेंडरों से लदे एक ट्रक के भीतर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त तहखाने से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस छापेमारी ने तस्करों के उन शातिर और नए तरीकों की पोल खोल दी है, जिसका इस्तेमाल वे पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए कर रहे थे।
उत्पाद निरीक्षक सेराज अहमद के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के कोठी बाजार स्थित एक पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी की। सटीक इनपुट मिला था कि गैस एजेंसी की आड़ में एक बड़ी खेप खपाने की तैयारी है। जब टीम ने छह चक्का ट्रक की सघन तलाशी ली, तो ऊपर से सामान्य दिखने वाले खाली सिलेंडरों के नीचे छिपाए गए 27 कार्टून विदेशी शराब बरामद हुए। इसके साथ ही मौके पर मौजूद एक बोलेरो से भी 2 कार्टून शराब जब्त की गई। पुलिस ने कुल 29 कार्टून विदेशी शराब के साथ 360 खाली गैस सिलेंडर, ट्रक और बोलेरो को अपने कब्जे में ले लिया है।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अरविंद कुमार (पताही), कुंदन कुमार (सिसहनी) और गुड्डू सहनी (रामबन मलाही टोला) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि यह गिरोह लंबे समय से गैस एजेंसी की आड़ में शराब की सप्लाई कर रहा था ताकि किसी को शक न हो। हालांकि, छापेमारी के दौरान सुभाष कुमार नामक एक आरोपी भागने में सफल रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
उत्पाद विभाग ने पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच टीम में शामिल दारोगा उदय कुमार, जमादार अजय कुमार, धर्मेंद्र कुमार और शशिकुमार ऋषि ने वैज्ञानिक तरीके से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि होली और अन्य त्योहारों के मद्देनजर तस्करों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पकड़े गए तस्करों से मिली जानकारी के आधार पर इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य बड़े नामों का खुलासा होने की उम्मीद है।
