बिहार : दो छात्राएं लापता, परिजनों को मिली हत्या की धमकी

Bihar-Kidnapped

छपरा : सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र में एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां प्रखंड मुख्यालय स्थित आदर्श मध्य विद्यालय तरैया से बुधवार को कक्षा छह की दो छात्राएं संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। गायब छात्राओं की पहचान मुरलीपुर गांव निवासी अजय साह की 13 वर्षीय पुत्री दिव्या कुमारी और चैनपुर खराटी गांव निवासी संजय महतो की 13 वर्षीय पुत्री रामावती कुमारी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई है।

परिजन लगातार स्थानीय पुलिस प्रशासन और जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं कि उनकी बेटियों को जल्द से जल्द सुरक्षित ढूंढा जाए। फिलहाल, पुलिस स्कूल के शिक्षकों और अन्य छात्र-छात्राओं से पूछताछ कर सुराग जुटाने की कोशिश कर रही है।

इस मामले में नया मोड़ गुरुवार को आया जब छात्राओं के परिजनों को डराने वाले संदेश आने लगे। दिल्ली में निजी कंपनी में नौकरी करने वाले दिव्या के पिता के व्हाट्सएप पर एक विचलित करने वाली तस्वीर भेजी गई, जिसमें एक युवती का गला दबाते हुए दिखाया गया। संदेश में लिखा गया: “तेरी बेटी को मार दूं?” वहीं, दूसरी छात्रा रामावती के पिता संजय महतो को भी फोन पर उनकी पुत्री की हत्या की धमकी दी गई। 

इन धमकियों के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। दिव्या के दादा नागा साह और रामावती के पिता संजय महतो ने तरैया थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि पुलिस मामले को पूरी गंभीरता से ले रही है। कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं और जिस नंबर से धमकी भरे मैसेज आए हैं, उसे सर्विलांस पर रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *