मधुबनी : बिहार के मधुबनी जिले में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड गैंग के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। इस मामले में पुलिस ने सरगना सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मधुबनी के तिरहुत कॉलोनी में एक मकान में आरोपियों ने हाईटैक ऑफिस बना रखा था।यहां से ये गैंग चीन, म्यांमार, थाईलैंड और कंबोडिया में बैठे साइबर अपराधियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देता था। पुलिस ने इस गिरोह से जुड़े मनदीप कुमार, रोशन कुमार, मोहम्मद एहसान और विकास कुमार को गिरफ्तार किया है।
बताया गया कि ये लोग निजी कंपनियों के डिवाइस और सिम बॉक्स का उपयोग कर अंतरराष्ट्रीय ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके से सात सिम बॉक्स, 136 मोबाइल, 136 से अधिक सिम कार्ड, वाईफाई केबल और स्विच समेत भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ 1.68 लाख रुपए भी बरामद किए हैं।
इसके अलावा कई उपकरण और दस्तावेज जब्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सिम बॉक्स को चीन से नेपाल के जरिए मधुबनी लाया गया। फिर इसके सेटअप से अवैध ‘टेलीकॉम एक्सचेंज’ चलाया जा रहा था, जिसके जरिए अंतर्राष्ट्रीय कॉल को लोकल वॉइस कॉल में बदलकर साइबर अपराध किया जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिस मकान में छापेमारी की गई, वहां पूरी तरह हाईटेक ऑफिस तैयार किया गया था। ये लोग सिम बॉक्स के सहारे एक ही समय में कई विदेशी कॉल को भारत के विभिन्न राज्यों के लोगों के मोबाइल पर डाइवर्ट करते थे। इससे रिसीवर को लगता था कि कॉल भारत के ही किसी नंबर से आ रही है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में विदेशी तार जुड़े होने की वजह से इसकी जानकारी राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी को भी दे दी गई है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
