मोतिहारी : राजस्थान के अलवर जिले के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को एक केमिकल फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के सात मजदूरों की मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के घरों पर मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसा भिवाड़ी के खुशखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया की एक रासायनिक फैक्ट्री में हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि मौके पर ही कई श्रमिकों की मौत हो गई। स्थानीय प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मृतकों की पहचान सुजांत (पुत्र शिव पासवान), मिंटू (पुत्र सिकंदर पासवान), अजीत (पुत्र सुरेंद्र), रवि (पुत्र राजदेव), श्याम (पुत्र जयदेव), अमरेश (पुत्र कृष्ण लाल) सभी निवासी मोतिहारी के रूप में हुई है। एक अन्य मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। बताया जा रहा है कि इनमें से दो श्रमिक शिकारगंज थाना क्षेत्र के नारुलह गांव के रहने वाले थे।
परिजनों ने बताया कि अधिकतर मजदूर पिछले कई वर्षों से राजस्थान में काम कर रहे थे और इस बार होली पर घर आने का वादा किया था। सुजांत के पिता शिवजी पासवान ने कहा, ‘मेरा बेटा तीन वर्षों से राजस्थान में काम कर रहा था। इस बार होली में आने की बात कही थी, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया।’ वहीं अमरेश की परिजन लाल चुन्नी देवी ने कहा कि बेटे से रोज बात होती थी और परिवार के साथ होली मनाने की योजना थी, लेकिन इस घटना ने सारी खुशियां छीन लीं।
उधर, घटना के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अब तक पांच मजदूरों की मौत की आधिकारिक पुष्टि करते हुए गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।