बिहार चुनाव परिणाम : NDA की 202 सीटों पर ऐतिहासिक जीत, महागठबंधन 35 पर सिमटा

Bihar-NDA-vs-INDI-Alliance

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव में NDA ने सारे समीकरणों को ध्वस्त करते हुए शानदार जीत हासिल है। भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। जदयू ने भी अच्छी वापसी की। महागठबंधन 35 सीटों पर ही सिमट गया। सम्राट, प्रेम, अनंत, नितिन समेत कई दिग्गज चुनाव जीत चुके हैं। NDA अब शपथ ग्रहण की तैयारी कर रहा है। राघोपुर से तेजस्वी यादव जीत गए। तेज प्रताव चुनाव हार गए। सीएम हाउस में नीतीश कुमार ने जदयू नेताओं के साथ बैठक की।

किस दल को कितनी सीटें मिली : 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव परिणाम आ चुके है। आयोग के मुताबिक, भाजपा ने 85 सीटों पर, जदयू ने 85 सीटों पर और राजद ने 25 सीटों पर जीत हासिल की। लोजपा (रा.) 19 सीटों पर जीत मिली है, जबकि कांग्रेस को 6 सीटों पर जीत मिली है। सीपीआई (एमएल) 2 सीटों पर, हम पार्टी 5 सीटों पर और राष्ट्रीय लोक मोर्चा 4 सीटों पर जीत मिली है। AIMIM ने इस बार 5 सीटों पर जीत हासिल की है। सीपीआई (एम), आईआईपी और बसपा को 1-1 सीट पर नीट मिली है। कुल मिलाकर 243 सीटों के परिणाम सामने आ चुके हैं।

कैमूर में रामगढ़ विधानसभा की मतगणना के दौरान मोहनिया स्थित बाजार समिति में माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि बहुजन समाजवादी पार्टी के समर्थकों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई, जिसके दौरान पथराव भी हुआ और तीन सिपाहियों के सिर फट गए। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसी अफरातफरी के बीच नाराज़ समर्थकों ने नगर आवास एवं विकास कार्यपालक पदाधिकारी की स्कॉर्पियो में आग लगा दी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

तरारी विधानसभा से जनसुराज प्रत्याशी का निधन : तरारी विधानसभा सीट से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी चन्द्रशेखर सिंह का दुखद निधन हो गया। पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। 31 अक्टूबर को चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें पहला हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को मतगणना के बीच उनकी तबीयत अचानक फिर बिगड़ गई और दूसरा हार्ट अटैक आने के बाद शाम में उनका देहांत हो गया। उनके निधन से जन सुराज पार्टी और पूरे परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। बता दें कि तरारी सीट से भाजपा प्रत्याशी विशाल प्रशांत ने जीत हासिल की है।

तेजप्रताप बोले- जयचंदों ने राजद को खोखला किया : तेज प्रताप यादव ने चुनाव परिणामों को जनादेश मानते हुए कहा कि उनकी हार में भी जनता की जीत छिपी है, क्योंकि बिहार ने परिवारवाद नहीं, सुशासन और शिक्षा को चुनने का संदेश दिया है। उन्होंने कांग्रेस और पार्टी के अंदरूनी ‘जयचंदों’ पर निशाना साधते हुए कहा कि इन्हीं वजहों से RJD कमजोर हुई। जयचंदों ने राजद को खोखला कर दिया। उन्होंने कहा कि जनता का प्रेम और विश्वास ही उनकी वास्तविक जीत है। महुआ की जनता से किए वादों को वे विधायक बनें या न बनें, पूरा करने का प्रयास जारी रखेंगे और उनका दरवाज़ा हमेशा जनता के लिए खुला रहेगा। उन्होंने NDA की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, गृह मंत्री अमित शाह और मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को दिया, साथ ही NDA गठबंधन की एकता को सफलता का मुख्य आधार बताया। अंत में उन्होंने युवाओं, मातृशक्ति और समर्थकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे जनता की आवाज़ बनकर और मजबूती से फिर लौटेंगे।

 4 घंटे तक ललन सिंह और संजय झा ने नीतीश कुमार के साथ की मीटिंग : बिहार विधानसभा चुनाव में शानदार वापसी के बाद मुख्यमंत्री आवास पर जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता ललन सिंह और संजय झा ने करीब 4 घंटे तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ बैठक की। जीत के बाद आगे की तैयारी, सरकार के गठन समेत कई मुद्दों पर बात हुई। करीब 8:15 बजे ललन सिंह और संजय झा एक साथ अलग-अलग गाड़ियों में सवार होकर सीएम हाउस से बाहर निकले लेकिन दोनों नेताओं ने कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दी।

तेजस्वी यादव 14,532 वोटों से जीते : वैशाली जिले में राघोपुर से तेजस्वी यादव ने 14,532 वोटों से जीत दर्ज की। राजापाकर में जेडीयू के महेंद्र राम पहली बार विजयी हुए, जहां पूर्व विधायक प्रतिमा दास के विरोध का लाभ मिलते हुए उन्होंने 48,067 वोटों से जीत हासिल की। महुआ में लोजपा (रामविलास) के संजय सिंह ने 44,997 वोटों से जीत पाई। तेज प्रताप यादव और AIMIM उम्मीदवार के मैदान में होने से राजद के मुकेश रोशन पराजित हो गए। वहीं जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने मेहनगर सीट पर 38,558 वोटों से जीत का परचम लहराया।

सीएम नीतीश कुमार बोले- बिहार की जनता का धन्यवाद : NDA की जीत के बाद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा कि बिहार विधान सभा चुनाव-2025 में राज्यवासियों ने हमें भारी बहुमत देकर हमारी सरकार के प्रति विश्वास जताया है। इसके लिए राज्य के सभी सम्मानित मतदाताओं को मेरा नमन, हृदय से आभार एवं धन्यवाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को उनसे मिले सहयोग के लिए उनका नमन करते हुए हृदय से आभार एवं धन्यवाद। एनडीए गठबंधन ने इस चुनाव में पूरी एकजुटता दिखाते हुए भारी बहुमत हासिल किया है। इस भारी जीत के लिए एनडीए गठबंधन के सभी साथियों का भी आभार। आप सबके सहयोग से बिहार और आगे बढ़ेगा तथा बिहार देश के सबसे ज्यादा विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *