गोपालगंज : गोपालगंज जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र के पंडितपुरा व विशुनपुरा गांव में सोमवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी व बिहार एटीएस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। अचानक हुई इस छापेमारी से जिले में हड़कंप मच गया। टीम ने एक स्थानीय इंजीनियर को हिरासत में लेकर कई घंटों तक पूछताछ की। बाद में आवश्यक पूछताछ के उपरांत उसे मुक्त कर दिया गया।
बताया जाता है कि जांच एजेंसी को संबंधित व्यक्ति के इंटरनेट मीडिया गतिविधियों को लेकर कुछ अहम इनपुट मिले थे। इसी आधार पर एनआईए व एटीएस की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसके आवास पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान मोबाइल फोन, लैपटॉप व कुछ दस्तावेजों की जांच की गई। पूछताछ के क्रम में कई डिजिटल साक्ष्य भी एकत्रित किए गए हैं, जिन्हें आगे की जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि जिस इंजीनियर से पूछताछ की गई, उसके इंटरनेट मीडिया पर कुछ विदेशी संपर्क सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच में पाकिस्तान समेत अन्य देशों से जुड़े अकाउंट्स के साथ संवाद की बात सामने आई है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
गोपालगंज पुलिस ने मामले पर सीधी टिप्पणी करने से परहेज किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच केंद्रीय एजेंसी द्वारा की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई उसी स्तर से की जाएगी। इधर, छापेमारी की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।