बिहार : पूर्णिया के रेड लाइट एरिया में पुलिस और एनजीओ का बड़ा प्रहार, नौ लोग गिरफ्तार

Bihar-Red-Light-area

पूर्णिया : पूर्णिया जिल के मरंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदा रेड लाइट एरिया में गुरुवार शाम पुलिस प्रशासन और एक सामाजिक संस्था की संयुक्त छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 9 व्यक्तियों को हिरासत में लिया, जिनमें महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल थे। अचानक हुई इस दबिश के कारण पूरे हरदा बाजार और आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और संदिग्ध लोग इधर-उधर भागने लगे। यह पूरी कार्रवाई अत्यंत गोपनीय और योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी गई।

छापेमारी का नेतृत्व सदर एसडीपीओ-01 ज्योति शंकर ने स्वयं किया। इस विशेष टीम में साइबर डीएसपी चंदन कुमार ठाकुर, मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार और सुमित कुमार सहित भारी संख्या में सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।

टीम ने क्षेत्र के संदिग्ध घरों और ठिकानों की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस सफल छापेमारी के पीछे एनजीओ नया सवेरा की सक्रियता और उनके द्वारा दिए गए सटीक गोपनीय इनपुट का बड़ा हाथ रहा। संस्था लंबे समय से इस क्षेत्र में चल रही अनैतिक गतिविधियों पर नजर रख रही थी। जैसे ही पुलिस की टीम ने इलाके में दबिश दी, देह व्यापार में संलिप्त लोग भागने की कोशिश करने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया गया।

हिरासत में लिए गए सभी 9 व्यक्तियों को मरंगा थाने ले जाया गया। थानाध्यक्ष कौशल कुमार ने बताया कि इन सभी से सघन पूछताछ की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एनजीओ नया सवेरा द्वारा दिए जाने वाले लिखित आवेदन के आधार पर मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *