जमुई : जमुई जिले में फरवरी महीने के दौरान प्रेम विवाह के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बीते एक सप्ताह के भीतर तीन प्रेमी युगलों द्वारा घर छोड़कर शादी करने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। खास बात यह है कि तीनों मामलों में जोड़ों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपने विवाह की जानकारी दी और प्रशासन से सुरक्षा की मांग की।
ताजा मामला गिद्धौर थाना क्षेत्र के सेवा गांव से जुड़ा है। गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक युवक और युवती ने परिवार की सहमति के बिना विवाह करने की बात स्वीकार की। वीडियो सामने आते ही इलाके में चर्चा का माहौल बन गया और पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया।
जानकारी के अनुसार, युवती की पहचान खैरा प्रखंड के करनावादा गांव निवासी सोनी कुमारी के रूप में हुई है, जबकि युवक सेवा गांव का मनजीत कुमार बताया जा रहा है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, दोनों के बीच पिछले कई महीनों से प्रेम संबंध था। परिजनों की असहमति के कारण दोनों ने घर छोड़ने का फैसला किया और विवाह कर लिया।
वायरल वीडियो में दंपती ने कहा है कि उन्होंने यह कदम अपनी इच्छा से उठाया है और उन पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है। साथ ही उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने की अपील भी की है।
इधर, वीडियो वायरल होने के बाद दोनों परिवारों में हलचल मच गई है। परिजन अपने स्तर पर खोजबीन में जुटे हैं। गिद्धौर थाना अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि मामला पूरी तरह स्वेच्छा से जुड़ा है और इसमें किसी प्रकार का दबाव या प्रलोभन शामिल नहीं है।
उन्होंने कहा कि दोनों की वर्तमान स्थिति का पता लगाया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने जिले में सामाजिक चर्चा को भी जन्म दे दिया है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और भ्रामक जानकारी साझा न करें।