बिहार : स्टंटबाज लड़कियों का वीडियो वायरल, स्कॉर्पियो की खिड़की से बाहर लटकीं

Bihar-Stunt-girls

पटना : बिहार में सोशल मीडिया पर अगर सबसे ज्यादा रील दिखते हैं तो वो हैं स्टंटबाजी के। लड़के बाइक और गाड़ी पर खतरनाक तरीके से ड्राइविंग करते हैं और इसके बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर डाल देते हैं। वो ऐसा वाहवाही बटोरने के लिए करते हैं। लेकिन कई दफा मामला उल्टा पड़ जाता है। पुलिस उन्हीं के वीडियो से उन्हें दबोच लेती है और फिर उन्हें थाने ले जाकर कान-कनैठी (माफी मांगना) करवा देती है।

लेकिन इस दफे तो मामला कुछ उल्टा ही हो गया, वो भी दो तरह से। एक वीडियो पटना में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अब आप पूछेंगे कि मामला दो तरह से उल्टा क्यों हुआ? तो जान लीजिए, पहली तरह से उल्टा इसलिए हुआ कि स्टंट करने वाले लड़के नहीं बल्कि दो लड़कियां थीं, वो भी स्कॉर्पियो गाड़ी की खिड़की में लटक कर। इस तरह से वो खुद हादसे को बुलावा दे रही थीं। वहीं दूसरा उल्टा इस तरह से हुआ कि वीडियो न उन्होंने बनाया और न ही खुद सोशल मीडिया पर डाला। ये वीडियो तो उनके पीछे चली आ रही गाड़ी में बैठे लोगों ने बना लिया और पुलिस की जानकारी के लिए वायरल कर दिया।

वीडियो में जो तारीख डाली गई है वो 18 जनवरी 2026 की दोपहर 1 बजे की है। इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि दो लड़कियां एक सफेद स्कॉर्पियो की पिछली सीट की खिड़की से बाहर हैं। उनके शरीर के करीब-करीब आधा हिस्सा गाड़ी के बाहर है। वो हाथ फैलाए मौसम का मजा ले रही हैं। लेकिन उनके पीछे चल रही एक गाड़ी ये सब रिकॉर्ड कर रही है। उसमें मौजूद शख्स बोल रहा है कि ‘ये देखिए भाई साहब ये देखिए, हई देखिए। ये तो बहुत गड़बड़ बात है भाई। ये देखिए लीला। ये तो क्या कहा जाए, हम पटना से बिहटा जा रहे हैं रास्ते पे। हम कहते हैं लड़के, ये देखिए लड़कियों को।’

इसके बाद गाड़ी के अंदर मौजूद शख्स कहता है ‘इन लोगों का तो फाइन करवाना पड़ेगा। ये गाड़ी का नंबर देखिए। ये लोग मान ही नहीं रहे हैं भाई साहब। ये देखिए, दोनों को देखिए। देख रहे हो, कितना पिकअप में है गाड़ी, 100 की स्पीड है और ये लोग स्टंट कर रहा है। बार-बार, बार-बार।’ जाहिर है कि ये वायरल वीडियो आज नहीं तो कल पटना पुलिस के पास भी पहुंच ही जाएगा। वैसे सड़क पहली नजर में बिहटा सरमेरा रोड की ही लग रही है। हालांकि NBT इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *