बिहार : साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन में पकड़ा गया फर्जी टीटीई

Bihar-TITI-Fraud

समस्तीपुर : साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन में टिकट जांच के दौरान एक फर्जी टीटीई को पकड़ा गया है। दरभंगा से समस्तीपुर के बीच चल रही नियमित जांच के दौरान रेल अधिकारियों ने आरोपी को रंगे हाथ दबोचा और समस्तीपुर स्टेशन पर उतारकर जीआरपी के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी नेपाली नागरिक है और यात्रियों से अवैध वसूली की फिराक में था।

गाड़ी संख्या 19166 साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन में उस समय हड़कंप मच गया, जब टिकट जांच के दौरान एक युवक खुद को टीटीई बताकर यात्रियों से टिकट चेक करता पाया गया। रेल अधिकारियों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। ड्यूटी पर तैनात कर्मियों ने जब उससे अधिकृत पहचान पत्र और नियुक्ति से जुड़े दस्तावेज मांगे, तो वह कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका।

पूछताछ में भी आरोपी के द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद रेल अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया। ट्रेन के समस्तीपुर स्टेशन पहुंचते ही आरोपी को उतारकर जीआरपी के हवाले कर दिया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान नेपाली नागरिक के रूप में की गई है।

गिरफ्तार युवक की पहचान श्रवण कुमार कपर, पिता रामउद्गार कपर, ग्राम मणिपट्टी, थाना निकासल, जिला धनुषा, नेपाल के रूप में हुई है।

रेल थानाध्यक्ष बीरबल कुमार राय ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है। यह जांच की जा रही है कि उसने किसी यात्री से अवैध वसूली की है या नहीं तथा उसके साथ कोई अन्य सहयोगी तो नहीं था। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

हालांकि पकड़े गए नेपाली नागरिक श्रवण कपर ने अपने आप को पूरे मामले में निर्दोष बताया है। फिलहाल रेल पुलिस इस पूरे मामले में बारीकी से पड़ताल में जुटी हुई है। वहीं कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की भी तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *