सहरसा : बिहार के सहरसा जिले से अनुशासनहीनता का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां महिला होमगार्ड जवानों द्वारा वर्दी में भोजपुरी गानों पर डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना जिले के बरियाही स्थित होमगार्ड कैंप की बताई जा रही है।
वीडियो के सार्वजनिक होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और होमगार्ड के उच्च अधिकारियों ने इसे पेशेवर आचरण के खिलाफ मानते हुए कड़ा रुख अपनाया है। होमगार्ड के डीएससी (DSC) संजीव कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित महिला कर्मियों से स्पष्टीकरण (Show Cause Notice) मांगा है।
वायरल वीडियो की पृष्ठभूमि ‘पासिंग आउट परेड’ (POP) के बाद के समय की बताई जा रही है। आमतौर पर ट्रेनिंग पूरी होने के बाद होने वाली यह परेड एक अत्यंत औपचारिक और गौरवशाली अवसर होता है, जहां जवान सेवा और अनुशासन की शपथ लेते हैं। हालांकि, वायरल क्लिप में नजारा इसके बिल्कुल उलट नजर आ रहा है।
वीडियो में वर्दीधारी महिला जवान काफी उत्साह में भोजपुरी के लोकप्रिय गानों पर ठुमके लगाती दिख रही हैं। इस दौरान वहां भारी भीड़ भी जमा है, जो जवानों के इस अनौपचारिक व्यवहार को देख रही है और कई लोग अपने मोबाइल फोन से इसका वीडियो भी बना रहे हैं।
विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पूर्व में भी रील बनाने वाले कई पुलिसकर्मियों पर निलंबन और विभागीय कार्रवाई जैसी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। बावजूद इसके, इस तरह की घटनाओं में कमी नहीं आ रही है। सहरसा के डीएससी संजीव कुमार ने स्पष्ट किया है कि वर्दी पहनकर इस तरह का प्रदर्शन कतई स्वीकार्य नहीं है। स्पष्टीकरण के माध्यम से यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि यह घटना किस तारीख की है और इसमें शामिल जवान कौन हैं। पहचान पुख्ता होने के बाद नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
