पंजाब : चंडीगढ़ में BJP दफ्तर के बाहर बम ब्लास्ट, खालिस्तानी आतंकी सुखजिंदर ने पोस्ट कर ली जिम्मेदारी

Chandigarh-BJP-Office-Bomb-Blast

चंडीगढ़ : चंडीगढ़ सेक्टर-37 में पंजाब भाजपा कार्यालय के बाहर बुधवार शाम करीब 4:48 बजे ग्रेनेड हमले ने पूरे शहर को दहला दिया। धमाका इतना जोरदार था कि कार्यालय के बाहर खड़ी कार का शीशा टूट गया, एक एक्टिवा क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास की दीवारों पर 50 से अधिक स्थानों पर छर्रों के निशान देखने को मिले।

एनआईए ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य : धमाके के तुरंत बाद भाजपा कार्यालय, रोटरी एंड ब्लड बैंक सोसाइटी और लॉ भवन में मौजूद लोग बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही आईजी पुष्पेंद्र कुमार, एसएसपी कंवरदीप कौर सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। ऑपरेशन सेल, क्राइम ब्रांच, जिला क्राइम सेल, बम डिटेक्शन टीम, डॉग स्क्वॉड, सीएफएसएल, फॉरेंसिक टीम और नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। ग्रेनेड हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) ने ली है। संगठन से जुड़े सुखजिंदर सिंह बब्बर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये हमले का दावा किया। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां इस दावे की पुष्टि में जुटी हैं और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

ग्रेनेड हमले का वीडियो आया सामने : घटना के कुछ समय बाद एक 10 सेकंड का वीडियो सामने आया जिसमें एक शख्स हेलमेट हाथ में लिए ग्रेनेड की पिन निकालकर भाजपा कार्यालय की ओर फेंकता दिख रहा है। आरोपी ने गले में भगवा रंग का परना डाल रखा था और वीडियो खुद रिकॉर्ड करता दिख रहा है। वीडियो में वह गाली देता हुआ नजर आता है और ऐसा लगता कि उसका निशाना चूक गया। सीसीटीवी कैमरों में दोनों आरोपी कैद हो गए हैं और वारदात के बाद सेक्टर-37/38 डिवाइडिंग रोड से मोहाली की ओर भाग गए।

तकनीकी जांच और अहम सुराग : जांच में सामने आया कि धमाका काले रंग की एक्टिवा (नंबर सीएच01डीबी6033) के पास हुआ। एक्टिवा रोजी नाम की महिला के नाम पर पंजीकृत है। रोजी का बेटा हर्ष भाजपा कार्यालय में बने कॉल सेंटर में काम करता है। हर्ष ने बताया कि घटना के समय वह बेसमेंट में था और तेज धमाके की आवाज सुनी।

बीकेआई कनेक्शन और साजिश की आशंका : पुलिस सूत्रों के अनुसार इस हमले के तार प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़े हो सकते हैं। घटना के बाद बीकेआई से जुड़े सुखजिंदर सिंह बब्बर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये हमले की जिम्मेदारी ली है। हमले को पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी कुमार शर्मा से भी जोड़कर देखा जा रहा है। करीब 15 दिन पहले एसएसपी पठानकोट ने उन्हें सतर्क रहने और सार्वजनिक स्थानों पर कम जाने की सलाह दी थी जिसकी पुष्टि भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने की है। अश्वनी शर्मा दो दिन तक भाजपा कार्यालय में मौजूद थे। वह बुधवार सुबह ही दिल्ली एक कार्यक्रम के लिए रवाना हुए थे। आशंका है कि हमला उन्हें निशाना बनाकर किया गया।

एनआईए समेत कई एजेंसियां जांच में जुटीं : घटना के बाद चंडीगढ़ पुलिस, पंजाब पुलिस और एनआईए ने संयुक्त रूप से जांच तेज कर दी है। आतंकी संगठनों, गैंगस्टर नेटवर्क और स्थानीय सहयोगियों की भूमिका की गहराई से जांच की जा रही है। शहर और आसपास के क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार यह हमला सुनियोजित हो सकता है जिसके पीछे बड़े नेटवर्क की भूमिका से इन्कार नहीं किया जा रहा। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इस मामले में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *