बिहार : छपरा में दिनदहाड़े 20 लाख की लूट, चांदी समेत लाखों के जेवर लेकर फरार

Chapra-Robbery

छपरा : बिहार में सारण जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब दिनदहाड़े बाजार में हथियार लहराकर लूट को अंजाम दिया जा रहा है और पुलिस सिर्फ जांच तक सीमित नजर आ रही है। मांझी थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बाजार में आभूषण दुकान से करीब 20 लाख रुपये की लूट ने जिले की कानून-व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।

घटना दोपहर करीब 12 बजे की है, जब पांच हथियारबंद अपराधी बेखौफ अंदाज में गुप्ता बर्तन और सोना-चांदी दुकान में घुसे। तीन अपराधियों ने पिस्टल तान कर पूरे बाजार को दहशत में कायम करने की कोशिश की, जबकि बाकी अपराधी आराम से सोना-चांदी समेटते रहे। महज तीन मिनट में लुटेरे करीब 8 किलो चांदी समेत लाखों के जेवर लेकर फरार हो गए।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो चुकी है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि अपराधी खुलेआम पिस्टल लहराते हुए लोगों को धमका रहे हैं। बावजूद इसके, पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं।

घटना के बाद पीड़ित दुकानदार बृजबिहार गुप्ता ने मांझी थाना को सूचना दी। पुलिस ने अब इस हाई-प्रोफाइल लूट मामले में एसआईटी का गठन किया है, जिसकी कमान सदर एसडीपीओ-2 राजकुमार को सौंपी गई है। लेकिन सवाल यह है कि जब अपराधी दिनदहाड़े बाजार में हथियार लेकर घूम रहे थे, तब पुलिस की वाहन चेकिंग और गश्ती व्यवस्था कहां थी?

जिले में जगह-जगह वाहन जांच का दावा करने वाली पुलिस पर अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर तीन पिस्टल लेकर बाइक से घूमते अपराधी पुलिस की नजर से कैसे बच निकले? क्या अपराधियों को कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है? अरुण कुमार गुप्ता, पीड़ित दुकानदार ने बताया कि दुकान में घुसते ही तीन लोगों ने पिस्टल तान दी। किसी को हिलने नहीं दिया। तीन मिनट में सारा सामान लूटकर आराम से भाग गए।

फिलहाल पुलिस जांच की बात कह रही है, लेकिन इस सनसनीखेज लूट ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि छपरा में अपराध बेलगाम है और कानून सवालों के घेरे में।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *