उत्तरी चीन में अचानक आई बाढ़ ने मचाई तबाही, 8 लोगों की मौत

China-Flood

नई दिल्ली : उत्तरी चीन में अचानक आई बाढ़ की चपेट में एक कैंपस्थल आ गया जिसके कारण 8 लोगों की मौत हो गई और 4 अन्य लापता हो गए। सरकारी मीडिया की खबर में रविवार को इस बारे में जानकारी दी गई है। नदियों या प्राकृतिक रूप से खूबसूरत स्थलों के किनारे तंबू लगाकर अस्थायी रूप से लोगों के ठहरने के लिए की जाने वाली व्यवस्था को कैंपस्थल कहा जाता है।
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार शुरुआत में 13 लोगों के लापता होने की सूचना मिली थी। रविवार सुबह तक एक व्यक्ति को बचा लिया गया और 8 लोगों के शव बरामद किए गए। शेष 4 लापता लोगों की तलाश और बचाव कार्य जारी है। उत्तरी चीन के उरद रियर बैनर में यह आपदा शनिवार को स्थानीय समय के अनुसार रात करीब 10 बजे आई थी जो ‘इनर मंगोलिया ऑटोनॉमस’ क्षेत्र का एक बड़ा पहाड़ी इलाका है और अपने लोकप्रिय कैंपसाइट के लिए जाना जाता है।

उत्तरी चीन में हाल के हफ्तों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन की कई घटनाएं हुई हैं। इस महीने की शुरुआत में उत्तर-पश्चिमी गांसु प्रांत में आई बाढ़ में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई थी और 33 अन्य लापता हो गए थे। भारी बारिश से देश के अन्य हिस्से भी प्रभावित हुए हैं और हांगकांग में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है।

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, चीन की राजधानी बीजिंग में हाल के दिनों में मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ से 44 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है जबकि एक दर्जन से अधिक लोग लापता हैं। बीजिंग में अधिकारी आपदा राहत और बचाव अभियान संचालित कर रहे हैं, जबकि कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई है। बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है और बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। (भाषा)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *