सरायकेला : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के परिवार से एक अत्यंत ही दुखद खबर सामने आ रही है. उनके 19 वर्षीय पोते, वीर सोरेन की हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. वीर सोरेन बाहर रहकर अपनी शिक्षा पूरी कर रहे थे.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीर सोरेन मंगलवार को अपने मित्रों के साथ कुल्लू भ्रमण पर गए थे. बताया जा रहा है कि बर्फ में स्केटिंग का आनंद लेने के बाद जब वे वापस होटल लौटे, तो अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. स्थिति इतनी तेजी से खराब हुई कि उन्हें अस्पताल ले जाने तक का समय नहीं मिल सका और होटल में ही उन्होंने अंतिम सांस ली. हालांकि, मौत के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी शेष है.
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन गहरे सदमे में हैं. वे अपने पुत्रों के साथ मंगलवार देर रात ही रांची से हवाई मार्ग द्वारा दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं, जहां से वे कुल्लू पहुंचेंगे. चंपाई सोरेन के पैतृक गांव में चल रहे सभी पारंपरिक कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया गया है. चंपई सोरेन के गांव झिलिंगगोड़ा सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है.
परिवार की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया है: “अत्यंत दुःख के साथ सूचित करते हैं कि हमारे प्रिय वीर सोरेन का 24 फरवरी 2026 को असामयिक निधन हो गया है. हिमाचल प्रदेश के मनाली में अचानक तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. वीर के जाने से हमारा परिवार बिखर गया है”.
