‘ऑपरेशन ब्लू स्टार एक गलती थी’, बोले-पी चिदंबरम; कांग्रेस पार्टी का शीर्ष नेतृत्व हुआ नाराज

नई दिल्ली : कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री पी चिदंबरम के बयान से कांग्रेस लीडरशिप बेहद नाराज है। वहीं, बीजेपी का कहना है कि आधे सच से न्याय नहीं मिलता है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस लीडरशिप का मानना है कि वरिष्ठ नेताओं को पार्टी के लिए शर्मिंदगी पैदा कर सकने वाले सार्वजनिक बयान देने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए। वहीं, बीजेपी का कहना है कि पुलिस, सेना और खुफिया विभाग पर आरोप लगाने से पूर्व प्रधानमंत्री की गलती कम नहीं होगी।

चिदंबरम ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश के कसौली में एक साहित्यिक कार्यक्रम में कहा कि ऑपरेशन ब्लू स्टार “गलती” थी और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने “इस गलती की कीमत अपनी जान देकर चुकाई।”

कांग्रेस लीडरशिप में नाराजगी : कांग्रेस से जुड़े सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि “कांग्रेस से सब कुछ पाने वाले वरिष्ठ नेताओं को पार्टी के लिए शर्मिंदगी पैदा कर सकने वाले बयान देने में अधिक सावधानी बरतनी चाहिए। यह आदत नहीं बननी चाहिए।” उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं को सार्वजनिक बयान देते समय सावधानी बरतनी चाहिए क्योंकि उनके बार-बार के बयान पार्टी के लिए समस्याएं पैदा करते हैं, जो सही नहीं है।

सूत्रों ने चिदंबरम के बारे में कहा, “पार्टी का शीर्ष नेतृत्व बहुत नाराज है। पार्टी के सभी कार्यकर्ता इस बात से परेशान हैं कि ऐसा बार-बार क्यों हो रहा है।” चिदंबरम ने हाल ही में कुछ ऐसे बयान दिए हैं जिनसे पार्टी को शर्मिंदगी उठानी पड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *