श्रीलंका : चक्रवाती तूफान ‘दित्वा’ से 46 की मौत, पीएम मोदी ने किया मदद का ऐलान

cyclone-hits-srilanka

नई दिल्ली : चक्रवाती तूफान दित्वा से हुई भारी बारिश ने शुक्रवार को श्रीलंका में भारी तबाही मचाई है। श्रीलंका में 46 लोगों की मौत हो गई। 23 लोग लापता हो गए। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आने वाले घंटों में तूफान और तेज हो सकता है। अब ये तूफान भारत के तटवर्ती राज्यों की ओर बढ़ रहा है।

भूस्खलन से 21 की मौत : चक्रवाती तूफान ने श्रीलंका में काफी नुकसान पहुंचाया है। श्रीलंका के आपदा प्रबंधन केंद्र (DMC) ने कहा कि मध्य चाय उत्पादक जिले बादुल्ला में रात में भूस्खलन से कई घर बह गए, जिससे 21 लोगों की मौत हो गई।

श्रीलंका में आई आपदा को लेकर पीएम मोदी ने जताया दुख : चक्रवाती तूफान के चलते श्रीलंका में जानमाल के नुकसान को लेकर पीएम मोदी ने दुख जताया है। साथ ही उन्होंने अपने पड़ोसी देश को मदद करने का ऐलान किया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, ‘श्रीलंका के उन लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है, जिन्होंने चक्रवाती तूफान दित्वा की वजह से अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं सभी प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।’

पीएम मोदी ने कहा- हम श्रीलंका को मदद देने के लिए तैयार : इसके साथ ही पीएम मोदी ने कहा, ‘अपने सबसे करीबी समुद्री पड़ोसी के साथ एकजुटता दिखाते हुए, भारत ने ऑपरेशन सागर बंधु के तहत तुरंत राहत सामग्री और जरूरी HADR सपोर्ट भेजा है। जैसे-जैसे हालात बदलेंगे, हम और मदद देने के लिए तैयार हैं। भारत की नेबरहुड फर्स्ट पॉलिसी और विजन MAHASAGAR के हिसाब से भारत जरूरत के समय में श्रीलंका के साथ मजबूती से खड़ा है।’

43,991 लोगों को बचाया गया : यह हाल के सालों में श्रीलंकाई द्वीप पर आई सबसे भयंकर मौसम आपदाओं में से एक है। डीएमसी ने कहा कि 43,991 लोगों को स्कूलों और सार्वजनिक आश्रय स्थलों में पहुंचाया गया है, जिनमें जलस्तर बढ़ने के कारण छतों से बचाए गए परिवार भी शामिल हैं।

भारत के इन राज्यों में दिखेगा तूफान का असर : अधिकांश मौतें भूस्खलन के कारण हुईं, क्योंकि एक दिन के भीतर द्वीप के पूर्वी और मध्य क्षेत्रों में 300 मिमी (11.8 इंच) से अधिक बारिश हुई है। चक्रवाती तूफान दित्वा के पास आने के साथ ही चेन्नई स्थित आईएमडी के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को तमिलनाडु के कई जिलों के लिए तीन घंटे का येलो अलर्ट जारी किया। इसके साथ ही पुडुचेरी और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी तूफान का अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *