बिहार : सिलिंडर ब्लास्ट से ऊष्मामठ बाजार में हड़कंप, छह से ज्यादा लोग झुलसे

Cylinder-Blast

दरभंगा : दरभंगा के एपीएम थाना क्षेत्र स्थित ऊष्मामठ बाजार में सिलिंडर ब्लास्ट की घटना में छह से ज्यादा लोग झुलस गए। बताया जा रहा है कि पेथीयागाछी हाट में नाश्ते की दुकान पर जल रहे चूल्हे का सिलिंडर अचानक ब्लास्ट हो गया। विस्फोट की चपेट में कई लोग आ गए, जिससे बाजार में अफरातफरी का माहौल बन गया।

घटना में गंभीर रूप से जले पांच लोगों को डीएमसीच में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घायलों को अस्पताल लेकर आए राजू कुमार ने बताया कि उनकी मां डोमनी देवी, पतोर थाना क्षेत्र की हीरा देवी और उनकी बेटी मेनका कुमारी, साथ ही पेथीयागाछी निवासी लालू साह और उनके बेटे चंदन साह को डीएमसीच में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा कई अन्य घायलों को आसपास के निजी क्लिनिक में भी भर्ती कराया गया है। एक साथ इतने मरीजों के पहुंचने से अस्पताल में भी अफरातफरी का माहौल देखा गया, वहीं परिजन भी बड़ी संख्या में वहां जुटने लगे।

बाजार में मौजूद कमल कुमार शर्मा ने बताया कि ऊष्मामठ के पेथीयागाछी साप्ताहिक हाट में कचरी-मुरही बेचने वाले का सिलिंडर अचानक ब्लास्ट हो गया। घटना के बाद कई लोग घायल होकर बाजार में ही गिर पड़े। यह दृश्य देखकर लोगों के बीच हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक ही एम्बुलेंस में पांच गंभीर रूप से जले लोगों को डीएमसीच भेजा।

अपनी मां का इलाज कराने पहुंचे राजू कुमार साह ने बताया कि उनकी मां डोमनी देवी सब्जी खरीदने के लिए पेठियागाछी हाट आई थीं। इसी दौरान कचरी बनाने वाले का सिलिंडर ब्लास्ट हो गया, जिसमें वह गंभीर रूप से जल गईं। उन्होंने बताया कि बाजार में मौजूद लोगों से घटना की जानकारी मिलने के बाद वे डीएमसीच पहुंचे, जहां उनकी मां समेत पांच लोगों का इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *