आरा : बिहार में आरा जिले में एक कार्यक्रम में तमंचे पर डिस्को करने और फायरिंग का वीडियो वायरल हो रहा है। उसमें कुछ लड़के स्टेज पर भोजपुरी गाने पर हथियार के साथ डांस करते दिख रहे हैं। दो लड़कों की ओर से फायरिंग करते भी देखा जा रहा है।
हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वीडियो कब और कहां का है। परंतु वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल होता दिख रहा है और वीडियो समाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। हालांकि एनबीटी ऑनलाइन इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं कर रहा है, लेकिन सूत्रों के अनुसार वायरल वीडियो नगर थाना क्षेत्र के एक कार्यक्रम का बताया जा रहा है।
सूत्रों की मानें तो वीडियो में फायरिंग करते और हथियार के साथ डांस करते दिख रहे दोनों लड़के रिश्ते में सगे भाई बताये जा रहे हैं। वायरल वीडियो भी तोर मजनुआं रंगदार के थाना दिवाना बा… गाना बज रहा है। स्टेज पर एक महिला डांसर के साथ कुछ लड़के भी थिरक रहे हैं। उसी बीच एक लड़के पिस्टल लहरा रहा है।
दूसरे वीडियो में अश्लील वीडियो के धुन पर डांस हो रहा है। तभी एक लड़का डांसर को पकड़ कर उसके हाथ में पिस्टल पकड़ा कर खतरनाक तरीके से फायरिंग कर रहा है। यो वीडियो सोशल मीडिया पर खूब तेजी से वायरल हो रहा है।
इधर, वायरल वीडियो सामने आने के बाद भोजपुर के पुलिस अधीक्षक राज की ओर से मामले को गंभीरता से लेते हुए वीडियो की जांच करने और उसमें शामिल लड़कों की पहचान करते हुए गिरफ्तार करने का आदेश जारी किया गया है।
