दरभंगा : बिहार में दरभंगा से एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां पंजाब पुलिस ने दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के खलासीन गांव में छापेमारी कर अपहृत दो नाबालिग लड़कियों को बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। दोनों लड़कियों के अपहरण का मामला पंजाब के लुधियाना जिले के दखा थाना में 29 मार्च को दर्ज किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लुधियाना जिले के दखा थाना क्षेत्र के मुल्लापुर गांव निवासी निखिल कुमार और अमित कुमार के रूप में हुई है। कार्रवाई के बाद पंजाब पुलिस दोनों लड़कियों और आरोपियों को अपने साथ लेकर रवाना हो गई है।
दरभंगा पुलिस के सहयोग से हुई कार्रवाई : इस मामले की पुष्टि करते हुए कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि पंजाब पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन मिलने के बाद सहयोग मांगा था। दरभंगा पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की गई, जिसमें दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पंजाब ले जाया गया।
मोबाइल ट्रैकिंग से मिली लोकेशन : पंजाब पुलिस के अनुसार, 29 मार्च को आरोपी दोनों नाबालिग लड़कियों को लेकर फरार हो गए थे। मोबाइल ट्रैकिंग और तकनीकी जांच के आधार पर उनकी लोकेशन मिली, जिसके बाद दरभंगा पुलिस से संपर्क कर संयुक्त कार्रवाई की गई। जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपी पहले बिहार के रहने वाले थे, लेकिन काफी समय पहले पंजाब जाकर वहीं अपने परिवार के साथ बस गए थे। घटना के बाद वे दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान के खलासीन गांव में अपने एक रिश्तेदार के घर आकर छिप गए थे। पुलिस ने छापेमारी कर दोनों लड़कियों को रेस्क्यू करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
विशेष टीम बनाकर की गई छापेमारी : इस संबंध में कुशेश्वरस्थान पूर्वी के थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि पंजाब पुलिस के अनुरोध पर स्थानीय पुलिस के साथ एक विशेष टीम का गठन किया गया। चिन्हित ठिकाने पर छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान दोनों नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर उन्हें अभिरक्षा में भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों आरोपी पंजाब में ही बस चुके हैं।
