भारत ने वेनेजुएला को लेकर जारी की एडवाइजरी, सावधानी बरतने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह

Delhi-Foreign-Minister-Secretary-Security

नई दिल्ली : भारत ने शनिवार रात अपने नागरिकों को वेनेजुएला की स्थिति को देखते हुए वहां गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी। मंत्रालय ने यह परामर्श वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिका द्वारा पकड़े जाने से जुड़े घटनाक्रम के मद्देनजर जारी किया।

विदेश मंत्रालय ने वेनेजुएला में मौजूद सभी भारतीयों से भी अत्यधिक सावधानी बरतने और अपनी आवाजाही सीमित रखने को कहा है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, वेनेजुएला में हालिया घटनाक्रम को देखते हुए भारतीय नागरिकों को वहां सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की सख्ती से सलाह दी जाती है। बयान में कहा गया, जो भारतीय किसी भी कारण से वेनेजुएला में हैं, उन्हें अत्यधिक सतर्क रहने, अपनी गतिविधियां सीमित रखने और कराकस स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने की सलाह दी जाती है।

मंत्रालय ने भारतीयों से फोन नंबर +58-412-9584288 (व्हाट्सएप कॉल के लिए भी) और ईमेल के ज़रिए दूतावास से संपर्क करने को कहा। वेनेजुएला में लगभग 50 अनिवासी भारतीय (एनआरआई) और 30 भारतीय मूल के लोग रहते हैं।

अमेरिकी हमले के बाद वेनेजुएला में राजनीतिक अनिश्चितता की स्थिति पैदा हो गई है। रूस और चीन सहित कई प्रमुख देशों ने मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लिये जाने की कार्रवाई के लिए वॉशिंगटन की आलोचना की है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, मादुरो को न्यूयॉर्क ले जाया जा रहा है, जहां उन्हें मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े गिरोहों को समर्थन देने के आरोपों में मुकदमे का सामना करना होगा।

 कुछ अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं, लेकिन ‘कोई भी मारा नहीं गया ‘: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि वेनेजुएला में अभियान के दौरान एक हेलीकॉप्टर पर हमला हुआ और कुछ अमेरिकी सैनिक घायल हो गये लेकिन उनका मानना है कि कोई भी मारा नहीं गया। अमेरिका ने शुक्रवार देर रात को वेनेजुएला पर बड़े पैमाने पर हमला किया। अमेरिका ने कहा है कि देश के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया गया है और देश से बाहर ले जाया गया है। ट्रंप ने कहा कि मादुरो और उनकी पत्नी एक अमेरिकी युद्धपोत पर सवार हैं और उन्हें न्यूयॉर्क में मुकदमे का सामना करना होगा।

ट्रंप ने कहा,  कुछ अमेरिकी सैनिक घायल हुए लेकिन वे वापस आ गए हैं और उनकी हालत काफी ठीक बताई जा रही है।  उन्होंने कहा कि इस अभियान में अमेरिका का कोई भी विमान नष्ट नहीं हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘हमें ऐसा करना पड़ा क्योंकि यह एक युद्ध है।  उन्होंने कहा कि अमेरिका वेनेजुएला के बारे में आगे की रणनीति पर निर्णय लेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *