झारखंड : धनबाद में गैंगस्टर फहीम खान के ड्राइवर को मारी गोली

Dhanbad-Wassepur-Firing

धनबाद : झारखंड के धनबाद के वासेपुर में शुक्रवार देर रात गोलीबारी में गैंगस्टर फहीम खान के बेटे इकबाल खान के ड्राइवर बबली खान उर्फ हैदर अंसारी को दो अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी. वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. घायल ड्राइवर की स्थिति गंभीर है. उसे बेहतर उपचार के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया गया है. इसे गैंगवार से जोड़ कर देखा जा रहा है. गैंगस्टर फहीम खान एवं प्रिंस खान के बीच एक लंबे समय से विवाद चल रहा है.

स्थानीय लोगों के अनुसार रमजान के पहले जुमा को रात करीब 11 बजे तरावीह के दौरान आसपास के लोग जुटे थे. इसी दौरान सामने की दुकान के पास दो अज्ञात युवक खड़े दिखे. लोगों ने संदेह के आधार पर उनसे पूछताछ शुरू की . प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इसी दौरान बबली खान और एक युवक के बीच कहासुनी व हाथापाई हो गयी. इसके बाद एक युवक ने कमर से पिस्तौल निकालकर बबली को गोली मार दी. गोली लगते ही भगदड़ मच गयी और दोनों हमलावर पैदल ही कलालीबागान की ओर भाग निकले. जब तक लोग संभलते आरोपी वासेपुर से फरार हो चुके थे. घायल बबली को आनन-फानन में उठाकर असर्फी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे दुर्गापुर रेफर किया गया.

घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, भूली थाना प्रभारी अभिनव कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. सूत्रों के मुताबिक, फुटेज में दो संदिग्ध युवकों के दिखने की बात सामने आई है. हालांकि, पुलिस आधिकारिक तौर पर कुछ भी बताने से बच रही है. प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की आशंका जतायी जा रही है. घटना के बाद वासेपुर इलाका को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

कोट :वासेपुर में गोली चालन की घटना हुई है. एक व्यक्ति को गोली लगी है. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार किया जायेगा. – ऋत्विक श्रीवास्तव,सिटी एसपी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *