झारखंड : चर्चित कोयला कारोबारी के आवास सहित 18 ठिकानों पर ED का छापा, BCCL टेंडर घोटाला मामला 

#Dhanbad#Coal-Mafiya#ED-Raid

रांची/धनबाद : झारखंड रांची में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार सुबह लगभग छह बजे बीसीसीएल से जुड़े कथित टेंडर अनियमितताओं और गड़बड़ियों की जांच के तहत धनबाद के चर्चित ठेकेदार और बड़े कोयला कारोबारी एलबी सिंह सहित अन्य कारोबारियों के ठिकानों पर छापामारी शुरू की। यह कार्रवाई धनबाद और उसके आसपास के क्षेत्रों में फैले कुल 18 स्थानों पर एक साथ चल रही है। इन ठिकानों में दूसरे कोयला कारोबारियों के पते भी शामिल हैं, जिनकी भूमिका की जांच एजेंसी कर रही है।

पश्चिम बंगाल में भी समानांतर कार्रवाई : सूत्रों के अनुसार, इसी मामले में ईडी की कोलकाता टीम भी पश्चिम बंगाल में तलाशी अभियान चला रही है। यह छापामारी कोयला कारोबार से जुड़े ठेकेदारों, ट्रांसपोर्टरों और ईसीएल अधिकारियों के परिसरों में हो रही है, जहां एजेंसी कथित आर्थिक लेनदेन और गतिविधियों की गहन जांच कर रही है। दोनों राज्यों में चल रही इस संयुक्त कार्रवाई को कोयला आपूर्ति और टेंडर आवंटन में संभावित अनियमितताओं की व्यापक जांच का हिस्सा माना जा रहा है।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई : एलबी सिंह के परिसरों पर इससे पहले आयकर विभाग की टीम भी छापामारी कर चुकी है। उस दौरान उनके वित्तीय दस्तावेजों की जांच में लगभग 100 करोड़ रुपये नकद जब्त किए गए थे। बाद में बीसीसीएल के टेंडर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों से जुड़े मामले में सीबीआई द्वारा दर्ज ईसीआईआर के आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की। इसी जांच के दायरे को आगे बढ़ाते हुए शुक्रवार को व्यापक स्तर पर छापेमारी की गई है।

दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड मिलने की उम्मीद : ईडी की टीमों की कार्रवाई जारी है और देर शाम तक कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड तथा लेनदेन से संबंधित जानकारियां मिलने की संभावना जताई जा रही है। एजेंसी इन दस्तावेजों के आधार पर टेंडर प्रक्रिया में अनियमितताओं और संभावित धन शोधन के पहलुओं की जांच को आगे बढ़ाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *