झारखंड : धनबाद में देर रात घर में लगी आग, लाखों की संपति जलकर खाक

Dhn-Barmasiya-aag

धनबाद : शहर के बरमसिया रानी रोड स्थित पप्पू सिंह के आवास में रविवार देर शाम अचानक आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। घटना की सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग को दी गई।

पीड़ित गृहस्वामी पप्पू सिंह ने बताया कि वे उस समय घर के बाहर परिवार और पड़ोसियों के साथ बैठे हुए थे। तभी घर के अंदर से धुआं उठता दिखाई दिया। जब भीतर जाकर देखा गया तो एक कमरे में आग लग चुकी थी। इसके बाद परिवार के लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए पानी और अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास किया, जिससे आग को फैलने से काफी हद तक रोका जा सका।

सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। पप्पू सिंह के अनुसार इस अग्निकांड में करीब तीन लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। आग की चपेट में आकर पलंग, सोफा, कपड़े, नकदी सहित कई घरेलू सामान जलकर राख हो गए।

आग लगने के कारणों के बारे में पप्पू सिंह ने बताया कि घर में एक छोटी बच्ची है, जिसके द्वारा अनजाने में माचिस की तीली जलाने से आग लगने की आशंका है। वहीं सीता देवी ने बताया कि जिस कमरे में आग लगी, उसके बगल वाले कमरे में वे सो रही थीं। धुआं देखकर उन्हें घटना की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि कमरे में कोई ज्वलनशील सामान नहीं था, इसके बावजूद आग लगने से भारी नुकसान हुआ।

अग्निशमन कर्मी मोहम्मद मंजूर आलम ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम के साथ वे मौके पर पहुंचे है। उन्होंने कहा कि घरवालों ने पहले ही आग पर आंशिक रूप से काबू पा लिया था, इसके बाद विभाग की मदद से आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *