झारखंड : धनबाद कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, इलाके को किया गया सील

Dhn-Court-Bomb

धनबाद : धनबाद कोर्ट को बुधवार को दोपहर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और कोर्ट परिसर को तत्काल खाली करा कर सील कर दिया गया। एहतियात के तौर पर मुख्य गेट से लेकर आसपास की सड़कों तक बैरिकेडिंग कर दी गई, जिससे पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।

मौके पर पुलिस पदाधिकारी दल-बल के साथ पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की टीम ने कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली। संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए हर कमरे, रिकॉर्ड रूम और पार्किंग क्षेत्र की सघन जांच की जा रही है।

धमकी की सूचना के बाद कोर्ट परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम लोगों में दहशत का माहौल देखा गया। कई मामलों की सुनवाई भी प्रभावित हुई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमकी किस माध्यम से मिली, इसकी जांच की जा रही है और साइबर टीम भी सक्रिय कर दी गई है।

फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *