गोमो-धनबाद के बीच दून एक्सप्रेस से 44 जीवित कछुए बरामद, वन विभाग को सौंपने की तैयारी

Dhn-Doon-Express-Tortoise

धनबाद : पूर्व मध्य रेल के अंतर्गत धनबाद मंडल में रेल सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 13010 दून एक्सप्रेस के जनरल कोच से 44 जीवित कछुए बरामद किए हैं। यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन WILEP’ के तहत की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 17-18 फरवरी 2026 की रात आपराधिक गश्त और निगरानी के दौरान RPF को गुप्त सूचना मिली कि उक्त ट्रेन से कछुओं की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम गोमो पहुंची और ट्रेन खुलने के बाद इंजन की ओर से पहले सामान्य कोच (ER 225030/C) की जांच की गई। जांच के दौरान यात्री सीट के नीचे एक काला बैग और दो झोले लावारिश हालत में मिले।

आसपास बैठे यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने भी बैग और झोलों पर अपना दावा नहीं किया। संदेह के आधार पर टीम ने यात्रियों की मौजूदगी में बैग और झोलों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान अंदर जूट के बोरे में रखे 44 अदद जीवित Indian Flapshell turtle (लिसेमिस पंक्टाटा) प्रजाति के कछुए बरामद हुए।

ट्रेन के धनबाद स्टेशन पहुंचने पर रात 1:25 बजे सभी कछुओं को प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर उतारा गया और 1:45 बजे जब्ती सूची तैयार कर उन्हें जब्त कर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट धनबाद लाया गया। गौरतलब है कि वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत इस प्रजाति को संरक्षण प्राप्त है। बरामद कछुओं को आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग को सुपुर्द करने की प्रक्रिया की जा रही है।

इस अभियान में ASI शशिकांत तिवारी, हेड कांस्टेबल अमित कुमार प्रसाद, कांस्टेबल विकास कुमार, प्रबिंद कुमार एवं अनिल कुमार शामिल थे। मामले में अज्ञात तस्करों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *