धनबाद : निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरा मजदूर, गंभीर रूप से घायल

dhn-labour-injured

धनबाद : धनबाद थाना क्षेत्र के हीरक रोड स्थित लेमन चिल्ली के बगल में निर्माणाधीन एक बहुमंजिला बिल्डिंग में काम कर रहे मजदूर के दूसरे मंजिल से गिरने का मामला सामने आया है। हादसे में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान मोतीलाल महतो के रूप में की गई है, जो प्रधानखंता थाना क्षेत्र के बलियापुर का रहने वाला है।

जानकारी के अनुसार, मोतीलाल बिल्डिंग के सेकंड फ्लोर पर प्लास्टर का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने बताया कि हादसे के वक्त वे लोग ऊपर की मंजिल पर सेंटरिंग का काम कर रहे थे। गिरने की आवाज सुनकर सभी नीचे पहुंचे और घायल को तत्काल एसएनएमएमसीएच अस्पताल ले जाया गया।

साथी मजदूरों का कहना है कि जिस बिल्डिंग में निर्माण कार्य चल रहा है, वहां किसी भी तरह की सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। मजदूरों को न तो हेलमेट दिया गया है और न ही सेफ्टी बेल्ट। सभी मजदूर एक कंपनी के अधीन काम करते हैं, लेकिन कंपनी का नाम किसी को नहीं पता। मजदूरों का भुगतान छोटू नामक मुंशी के माध्यम से किया जाता है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों को सुरक्षा उपकरण दिए जाएं तो इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है। फिलहाल घायल का इलाज एसएनएमएमसीएच में जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *