बिहार : शादी से पहले दुल्हन प्रेमी संग फरार, दूल्हा मंदिर में सेहरा बांधकर करता रहा इंतजार

yupi-dulhaan-looteri

बांका : शंभुगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार, 27 जनवरी शाम को प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिस घर से डोली उठनी थी, वहीं से दुल्हन के फरार होने की खबर ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी। एक ओर दूल्हा मंदिर में सेहरा बांधकर सात फेरों का इंतजार करता रहा, तो दूसरी ओर हाथों में मेहंदी रचाए दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शंभुगंज की एक युवती की शादी मुंगेर जिले के रघुनाथपुर निवासी अमित कुमार से तय थी। परिजनों ने पूरे उत्साह के साथ शादी की तैयारी की थी और विवाह स्थल के रूप में तारापुर स्थित प्रसिद्ध उल्टा महादेव मंदिर का चयन किया गया था।

तय समय पर दूल्हा बारात लेकर मंदिर पहुंच गया, लेकिन शादी की रस्में शुरू होने से पहले ही दुल्हन के लापता होने की सूचना मिली। बाद में पता चला कि युवती शंभुगंज थाना क्षेत्र के छतहार गांव निवासी अपने प्रेमी विकास कुमार के साथ फरार हो गई है। दुल्हन के फरार होने की खबर फैलते ही मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। दूल्हा पक्ष खुद को ठगा हुआ महसूस करने लगा। युवती के परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो वे शंभुगंज थाना पहुंचे। परिजनों ने आरोप लगाया कि विकास कुमार ने शादी का झांसा देकर युवती को बहला-फुसलाकर अगवा किया है।
पुलिस की कार्रवाई

इस संबंध में शंभुगंज थाना पुलिस के थानाध्यक्ष बब्लू कु्मार ने बताया कि फिलहाल परिजनों द्वारा मौखिक सूचना दी गई है। लिखित आवेदन मिलने के बाद मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। युवती की बरामदगी के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस मामले को सुलझाने में जुटी है। उधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि लड़की का पहले से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसलिए वो भाग गई। परिजनों को ये बात पहले से मालूम थी। वो लोग क्यों शादी कर रहे थे। उधर, परिजनों की हालत खराब है। उनके द्वारा खोजबीन की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *