नई दिल्ली : न्यूजीलैंड के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री विंस्टन पीटर्स 29 से 30 मई तक भारत दौरे पर हैं। यह जानकारी बुधवार को विदेश मंत्रालय ने साझा की। मंत्रालय के मुताबिक,पीटर्स बृहस्पतिवार दोपहर 3:35 बजे आईजीआई टर्मिनल 3 पर दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद वह शाम 6:30 बजे विदेश मंत्री एस जयशंकर से होटल ताज महल में मुलाकात करेंगे। इसी होटल में पीटर्स 30 मई की दोपहर 3:30 बजे केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से मिलेंगे। इसके बाद रात 9:55 बजे न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारत और न्यूजीलैंड के बीच ऐतिहासिक तौर से घनिष्ठ और सौहार्दपूर्ण संबंध रहे हैं। मसलन, राष्ट्रमंडल की सदस्यता, समान कानूनी प्रथाएं और विविध समुदायों के लिए लोकतांत्रिक शासन प्रणालियों से आर्थिक विकास और समृद्धि लाने की साझा इच्छाएं दोनों देशों को मैत्रीपूर्ण संबंधों को गहरा करने के लिए एक उत्कृष्ट पृष्ठभूमि देते हैं। भारत जैसे ही न्यूजीलैंड 213 जातियों के साथ दुनिया के सबसे अधिक जातीय रूप से विविध देशों में से एक है। दोनों देशों के बीच पर्यटन और खेल संबंध, खास तौर से क्रिकेट, हॉकी और पर्वतारोहण ने सद्भावना काफी बढ़ावा दिया है।
इसी तरह दोनों देश मानवाधिकारों, वैश्विक शांति, नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था, पारिस्थितिकी संरक्षण और आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए प्रतिबद्धता साझा करते हैं। 1860 के दशक के आसपास भारत से यहां प्रवास शुरू होने के बाद दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ रहे हैं। न्यूजीलैंड में भारतीय मूल के लगभग 3,00,000 लोग और अनिवासी भारतीय हैं। इनमें से अधिकांश ने न्यूजीलैंड को अपना स्थायी घर बना लिया है। बीते कुछ वर्षों में भारत और न्यूजीलैंड ने महत्वपूर्ण उच्च-स्तरीय यात्राएं साझा की हैं और इससे भी द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती मिली है।